खांडसा गांव की बेटी चंचल ने इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

3000 मीटर स्टीपलचेज़ में शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले का मान

ताऊ देवीलाल स्टेडियम में नियमित अभ्यास

विधायक मुकेश शर्मा व खेल अधिकारियों ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना

गुरुग्राम, 16 जनवरी- बेंगलुरु के राजीव गांधी विश्वविद्यालय में आयोजित 85वीं ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक चैंपियनशिप में गुरुग्राम जिले के खांडसा गांव की बेटी चंचल, पुत्री बीरसिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3000 मीटर स्टीपलचेज़ प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त कर जिले व प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

यह चैंपियनशिप 12 से 15 जनवरी तक आयोजित की गई, जिसमें देशभर की विभिन्न विश्वविद्यालयों की शीर्ष महिला एथलीटों ने भाग लिया।

चंचल की इस उपलब्धि पर विधायक मुकेश शर्मा ने भी चंचल को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटी का राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य युवाओं को खेलों की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इसके अतिरिक्त डिप्टी डायरेक्टर स्पोर्ट्स गिरीराज यादव, डिप्टी डायरेक्टर रामपाल, जिला खेल अधिकारी आरती कोहली तथा सेवानिवृत्त डीएसओ राज यादव ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। सभी अधिकारियों ने चंचल के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

कोच दीपक राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि चंचल नियमित रूप से ताऊ देवीलाल स्टेडियम, गुरुग्राम में अभ्यास करती हैं। उन्होंने कहा कि उनके लगातार अभ्यास, तकनीकी सुधार और सहनशक्ति पर ध्यान देने के कारण ही चंचल ने 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीता। कोच ने उम्मीद जताई कि इसी मेहनत और अनुशासन के साथ चंचल भविष्य में और बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करेंगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें