भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में जागरूकता का संदेश

गुरुग्राम, 16 जनवरी-राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम में शुक्रवार को प्रधानाचार्य रविंदर कुमार यादव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं प्रेरणा के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को प्रेरित करने हेतु विशेषज्ञ वक्ता के रूप में श्रीमती ज्ञान देवी, राजकीय महाविद्यालय फर्रुखनगर (सुल्तानपुर) से आमंत्रित किया गया। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन के माध्यम से विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
संस्थान में प्रशिक्षण ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं ने भाषण प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कनक (ट्रेड– कोपा बी), द्वितीय स्थान नीरज (ट्रेड– कोपा सी) तथा तृतीय स्थान शुभम (ट्रेड– कोपा बी) ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविंदर कुमार यादव ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सभी विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन से विद्यार्थियों में उत्साह, अनुशासन एवं समाजसेवा की भावना का संचार हुआ।









