फरीदाबाद गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिले राव नरेंद्र सिंह, सरकार से त्वरित न्याय की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चण्डीगढ़, 01.01.2026 – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने फरीदाबाद गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल मानवता को शर्मसार करने वाली है, बल्कि राज्य में कानून-व्यवस्था की भयावह स्थिति को भी उजागर करती है।

राव नरेंद्र सिंह ने पीड़िता के परिवार से विस्तार से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली और कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दोषियों की त्वरित गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कठोरतम सजा की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी जघन्य घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पीड़िता को समुचित चिकित्सा, सुरक्षा और मुआवजा तत्काल उपलब्ध कराया जाए।
राव नरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मामले को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर मंच पर आवाज उठाएगी। इस मौके पर विधायक रघुवीर तेवतिया, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, जिला प्रधान बलजीत कौशिक, लखन सिंगला, मनोज अग्रवाल योगेश ढींगरा एवं कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!