कुल्हाड़ी से चेहरे पर वार, स्कूटी से फरार हुए आरोपी; दोनों गिरफ्तार
गुरुग्राम | 01 जनवरी 2026 – गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का प्रयास किया। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ीनुमा हथियार और एक स्कूटी भी बरामद की गई है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 30 दिसंबर 2025 को थाना सेक्टर-07, IMT मानेसर पुलिस को सूचना मिली कि गांव खोह स्थित VPS स्कूल के पास एक व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। मौके पर पहुंचने पर घायल वहां नहीं मिला। बाद में ERV के माध्यम से पता चला कि घायल को ESIC अस्पताल, सेक्टर-03, मानेसर में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे ESIC अस्पताल, फरीदाबाद रेफर किया गया।
31 दिसंबर 2025 को फरीदाबाद अस्पताल में घायल बयान देने के लिए फिट पाया गया। पीड़ित की ओर से उसकी भाभी ने लिखित शिकायत दी।
क्या है पूरा मामला
पीड़ित शिव शंकर, निवासी गांव लतीफपुर, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), मानेसर की एक कंपनी में कार्यरत है और गांव खोह में अपनी पत्नी पूनम के साथ किराए पर रहता है। दोनों की पहचान वर्ष 2012 में एक ही कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी और बाद में विवाह हुआ। वर्ष 2017 में उनके एक पुत्र भी हुआ।
पीड़ित को बाद में पता चला कि उसकी पत्नी पूनम का उसी कंपनी में कार्यरत मनखुश उर्फ मिंटू से संपर्क है, जिसे लेकर घरेलू विवाद चलता रहता था।
30 दिसंबर को पूनम ने शिव शंकर को झरना मंदिर दर्शन के बहाने बुलाया। लौटते समय VPS स्कूल के पास एक स्कूटी ने उन्हें टक्कर मारी, जिससे दोनों गिर पड़े। इसी दौरान मनखुश उर्फ मिंटू ने पीछे से शिव शंकर को पकड़ लिया और पूनम ने कुल्हाड़ी जैसे तेजधार हथियार से उसके चेहरे पर कई वार किए। आरोपी उसे अधमरा छोड़कर स्कूटी से फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-07, IMT मानेसर में हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए—
- मनखुश उर्फ मिंटू (25 वर्ष), निवासी भल्ला बाजार, जिला खगड़िया (बिहार) को 31 दिसंबर 2025 को गांव कासन से
- आरोपी पत्नी पूनम (44 वर्ष), निवासी लतीफपुर, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) को 01 जनवरी 2026 को मानेसर क्षेत्र से
गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पूनम और मनखुश पिछले छह महीनों से प्रेम संबंध में थे। पति को इस संबंध की जानकारी होने के बाद घरेलू विवाद बढ़ गया था। इसी रंजिश में दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से शिव शंकर की हत्या करने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया।
बरामदगी व आगे की कार्रवाई
आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ीनुमा हथियार और एक स्कूटी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। मामले का अनुसंधान जारी है।









