पं. रविकांत शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा, राजेश्वरी शर्मा स्मारक पब्लिक स्कूल में होगा आयोजन
हापुड़, सिंभावली। विश्व ब्राह्मण संघ (भारत) के संस्थापक ब्राह्मण शिरोमणि स्वर्गीय पं. मांगेराम शर्मा की जयंती पर 31 अक्टूबर 2026 को भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह साढ़े दस बजे किसान डिग्री कॉलेज के सामने स्थित राजेश्वरी शर्मा स्मारक पब्लिक स्कूल, सिंभावली में होगा।
विश्व ब्राह्मण संघ (भारत) के अध्यक्ष पं. रविकांत शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अंबिका प्रसाद शर्मा और राष्ट्रीय सचिव संजय कौशिक ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय पदाधिकारियों ने उन्हें आयोजन की व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
संघ के उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष पं. गोपाल शर्मा और प्रधानाचार्य देवेन्द्र शर्मा ने बताया कि मुख्य अतिथि के रूप में महाबल मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समन्वय समिति के सचिव सुशांत मिश्रा का शामिल होना प्रस्तावित है। समारोह का शुभारंभ स्वर्गीय पं. मांगेराम शर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से होगा।
आचार्य रामकुमार शर्मा, श्री श्रृंगेरी शारदा पीठम की शाखा श्री मुकांबिका मंदिर, विकासपुरी, नई दिल्ली से पं. प्रकाश तथा अन्य विद्वान ब्राह्मण मंत्रोच्चारण करेंगे। विद्यालय के बच्चे वंदना गीत और राष्ट्रगान प्रस्तुत करेंगे।
हापुड़ जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक पं. आशीष शर्मा ने बताया कि समारोह में अतिथियों और विद्यालय के बच्चों को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों में सह संयोजक प्रधानाचार्य देवेन्द्र शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, जिला महासचिव अजय शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जुटे हैं।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में सांसदों, विधायकों तथा संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश, मंडल, जिला और नगर स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भागीदारी प्रस्तावित है।








