लोकतंत्र बचाने की लड़ाई को लेकर दिल्ली रैली में हरियाणा की भागीदारी होगी ऐतिहासिक: पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक नवंबर की दिल्ली रैली की तैयारियों को लेकर गुरुग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक

हर बूथ और वार्ड से लोगों को रामलीला मैदान तक ले जाने का आह्वान

गुरुग्राम। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ रैली की तैयारियों को लेकर सोमवार को गुरुग्राम में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। रैली के गुरुग्राम प्रभारी, पूर्व सांसद एवं अनुशासन समिति के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक ने कार्यकर्ताओं से बूथ और वार्ड स्तर पर जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान बचाने की इस लड़ाई में हरियाणा की भागीदारी ऐतिहासिक होगी।

बैठक से पहले कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने धर्मपाल मलिक का स्वागत किया। बैठक में लोगों को रैली तक ले जाने की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई।

धर्मपाल मलिक ने कहा कि यह रैली लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प से जुड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मतों की चोरी और संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है तथा चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर जनता की आवाज बुलंद कर रही है।

मलिक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रत्येक बूथ और वार्ड से लोगों को दिल्ली ले जाने की जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने गुरुग्राम को कांग्रेस का गढ़ बताते हुए कहा कि यहां के कार्यकर्ता पार्टी के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं। इस बार भी गुरुग्राम सहित पूरे हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचकर रैली को ऐतिहासिक बनाएंगे।

शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए गुरुग्राम कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों, मतदान मशीनों को लेकर उठ रही आशंकाओं और चुनाव आयोग की भूमिका से जुड़े सवालों पर खुली चर्चा की मांग की। उन्होंने दावा किया कि गुरुग्राम से हजारों कार्यकर्ता और आम नागरिक रैली में शामिल होंगे।

ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आमजन परेशान हैं, जबकि सरकार का ध्यान सत्ता बचाने पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि प्रत्येक नागरिक का मत सुरक्षित रहे और वह बिना किसी डर के मतदान कर सके। इसी संदेश को लेकर रैली आयोजित की जा रही है।

बैठक में पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, सुबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, मुकेश चौधरी, हरकेश प्रधान, गजेंद्र चौहान, विकास हुड्डा, सुशील सहरावत, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजकुमार, दीपक दहिया, दिनेश शर्मा, सतीश सांगवान, राहुल नंबरदार, खंड अध्यक्ष अमित कोचर, जसविंदर बिसला, नरेश वशिष्ठ, भोले गुर्जर, श्यामलाल बामनिया, महावीर कन्हई, मनोज आहूजा, कार्तिक गहलोत, राजीव यादव, पंकज मेहंदीरता और हरीश कुमार सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें