देशव्यापी गिग वर्कर्स हड़ताल को AIDYO का समर्थन, युवाओं से एकजुटता की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 31 दिसंबर, 2025 – ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन (AIDYO) ने आज देशभर में गिग और प्लेटफॉर्म श्रमिकों द्वारा की जा रही राष्ट्रव्यापी हड़ताल को पूर्ण समर्थन देते हुए उनके साथ एकजुटता व्यक्त की है। यह हड़ताल तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU), इंडियन फेडरेशन ऑफ ऐप-बेस्ड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स (IFAT) तथा गिग एंड प्लेटफॉर्म सर्विस वर्कर्स यूनियन (GIPSWU) के संयुक्त आह्वान पर की जा रही है।

हड़ताल पर गए श्रमिक अपनी उचित, वैध और तात्कालिक मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, जिनमें पारदर्शी और न्यायसंगत वेतन संरचना, असुरक्षित “10-मिनट डिलीवरी” मॉडल को वापस लेना, कार्यस्थल पर बेहतर सुरक्षा उपाय, मनमानी खाता-बंदी से संरक्षण, श्रम अधिकारों की कानूनी मान्यता, दुर्घटना बीमा तथा सामाजिक सुरक्षा लाभ शामिल हैं।

AIDYO के राष्ट्रीय सचिव अमरजीत कुमार ने इन सभी मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि गिग और प्लेटफॉर्म श्रमिक आज आधुनिक अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुके हैं, लेकिन उन्हें न्यूनतम अधिकारों से भी वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने आम जनता, विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे इस संघर्ष का समर्थन करें और श्रमिकों के पक्ष में आवाज़ बुलंद करें।

AIDYO ने स्विगी, ज़ोमैटो, ज़ेप्टो, ब्लिंकिट, अमेज़न और फ्लिपकार्ट जैसी कॉर्पोरेट कंपनियों के साथ-साथ केंद्र व राज्य सरकारों से मांग की है कि वे श्रमिक संगठनों के साथ तुरंत सार्थक बातचीत शुरू करें और समस्याओं का स्थायी समाधान निकालें।

संगठन ने स्पष्ट किया कि गिग इकोनॉमी का विकास कॉर्पोरेट मुनाफ़े के बजाय श्रमिकों की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों को केंद्र में रखकर होना चाहिए। AIDYO ने चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों की जायज़ मांगों की अनदेखी जारी रही, तो देशभर में आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!