शत्रुजीत कपूर के तबादले के बाद पद खाली, CS अनुराग रस्तोगी व DGP ओपी सिंह होंगे शामिल
चंडीगढ़/दिल्ली। हरियाणा के नए पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति को लेकर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने कल दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है। बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और वर्तमान DGP ओपी सिंह शामिल होंगे।
हरियाणा सरकार पहले ही UPSC को 5 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का पैनल भेज चुकी है। बैठक के बाद UPSC तीन नामों की शॉर्टलिस्ट हरियाणा सरकार को भेजेगा, जिनमें से एक नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।
UPSC को भेजा गया 5 IPS अफसरों का पैनल
सरकार की ओर से 16 दिसंबर को भेजे गए पैनल में शामिल अधिकारी इस प्रकार हैं—
- शत्रुजीत कपूर (1990 बैच)
- एस.के. जैन (1991 बैच)
- अजय सिंघल (1992 बैच)
- आलोक मित्तल (1993 बैच)
- अर्शिंदर सिंह चावला (1993 बैच)
सूत्रों के अनुसार, बैठक में विचार-विमर्श के बाद तीन नामों की सूची सरकार को सौंपी जाएगी।
डीजी जेल आलोक राय की एक्सटेंशन आज खत्म
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (जेल) आलोक कुमार राय को 30 सितंबर को रिटायरमेंट के बाद 90 दिन की एक्सटेंशन दी गई थी, जो आज समाप्त हो रही है। पुनर्नियुक्ति के बाद उन्हें दोबारा डीजी जेल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
रिटायरमेंट से पहले पंचकूला में मीडिया से बातचीत में आलोक राय ने कहा कि यदि सरकार कोई नई जिम्मेदारी सौंपती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि जेलों में गैंगस्टर कल्चर खत्म करने के लिए प्रदेशभर में 52 गैंगस्टरों की जेल ट्रांसफर की गई।
अजय सिंघल बनाम आलोक मित्तल—कड़ा मुकाबला
नए DGP पद को लेकर लॉबिंग तेज हो गई है। पैनल में शामिल आलोक मित्तल और अजय सिंघल के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इनमें से किसी एक के नाम पर अंतिम फैसला संभव है।
31 दिसंबर की रात तक आ सकता है आदेश
बताया जा रहा है कि UPSC औपचारिक बैठक के बिना भी तीन नामों की सूची भेज सकता है। ऐसी स्थिति में हरियाणा सरकार 31 दिसंबर की रात तक नए DGP की नियुक्ति का आदेश जारी कर सकती है।







