अरावली को बचाने के लिए सड़कों पर उतरी युवा कांग्रेस, गुरुग्राम में हुआ अरावली सत्याग्रह–सद्भावना संकल्प अनशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-गौशाला के सामने भगवान महावीर चौक पर हवन यज्ञ में आहुति डालकर लिया अरावली बचाने का संकल्प

-हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में हुआ अरावली सत्याग्रह–सद्भावना संकल्प अनशन

गुरुग्राम। अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण की मांग को लेकर हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से गुरुग्राम में अरावली सत्याग्रह–सद्भावना संकल्प अनशन का आयोजन किया गया। गौशाला के सामने भगवान महावीर चौक पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए अरावली को बचाने का संकल्प लिया। इस जनहित आंदोलन का नेतृत्व हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत चौक पर विधिवत हवन-यज्ञ से की गई, जिसमें आहुति डालकर पर्यावरण संरक्षण और अरावली पर्वत श्रृंखला को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर अरावली बचाने के नारे लगाए और आमजन से इस मुहिम में जुड़ने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि अरावली केवल पहाड़ों की श्रृंखला नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के लिए जीवनरेखा है।

हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि अरावली पर्वत श्रृंखला दिल्ली-एनसीआर की सांसें हैं।  इसे नार्थ इंडिया के लंग्स कहा जाता है। उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से अरावली के पहाड़ रेगिस्तान को आगे बढ़ने से रोकते आए हैं। भूजल संरक्षण में अहम भूमिका निभाते हैं और वातावरण को स्वच्छ बनाए रखते हैं। यदि अरावली को नुकसान पहुंचा तो इसका सीधा असर पर्यावरण, जलस्तर और आमजन के स्वास्थ्य पर पड़ेगा।

निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि अरावली एक्ट के नाम पर संरक्षण की परिभाषा को बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कानून में ये बदलाव किसके फायदे के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से केंद्र सरकार के उस प्रावधान पर चिंता जताई, जिसमें 100 मीटर से नीचे की पहाड़ियों को पहाड़ी की श्रेणी में न रखने की बात कही गई है। कटारिया ने कहा कि अरावली क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत पहाड़ 100 मीटर से नीचे के हैं, ऐसे में यह निर्णय अरावली को खत्म करने जैसा है।

उन्होंने दो टूक कहा कि हम अरावली को बिकने नहीं देंगे। यह केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का सवाल है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लें और सवाल पूछें कि 100 मीटर से नीचे के पहाड़ों का क्या होगा।

आमजन को जोड़ने के लिए हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से टोल फ्री नंबर 9873036161 और वेबसाइट saafhawa.in/AravalliSatyagraha जारी की गई है, जहां लोग मिस्ड कॉल देकर या ऑनलाइन माध्यम से अपना समर्थन दर्ज करा सकते हैं। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक अरावली के संरक्षण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।इस मौके हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया,युवा कांग्रेस सह -प्रभारी प्रियंका चंदेलिया,अमित यादव,मनीष खटाना,अनिल, गजेंद्र चौहान,अभिषेक यादव,मुकेश डागर, शिव प्रताप, मोहित तंवर,अमृत उल्लावास, कृष्ण सैनी,राज प्रकाश,हरीश, रविंदर कटारिया,पुष्पराज कटारिया, विक्रम कटारिया, कप्तान जगदीश आदि मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें