
गुरुग्राम, 13 दिसंबर। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन गुरुग्राम की मासिक बैठक शुक्रवार को महरौली रोड स्थित बिजली निगम के रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त कार्यकारी अभियंता बी.के. रंजन ने की।
बैठक की शुरुआत हाल ही में दिवंगत पेंशनर साथियों के परिवारजनों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके पश्चात भक्ति संगीत के साथ योगाचार्य जय प्रकाश गौतम द्वारा लगभग दस मिनट का योगाभ्यास कराया गया।
बैठक को सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर एस.के. जिंदल, सेवानिवृत्त एसपीएस एच.आर. कुमार, अध्यक्ष बी.के. रंजन एवं सेवानिवृत्त कार्यकारी अभियंता एस.एल. गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ पेंशनरों ने संबोधित किया।

एसोसिएशन के महासचिव बनवारी लाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले पेंशनरों की वर्षों से लंबित मांगों पर प्रदेश सरकार पूरी तरह उदासीन बनी हुई है, जिससे पेंशनरों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर 5 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, फैमिली पेंशनरों को एलटीसी सुविधा, कम्यूटेशन मामलों का निपटारा तथा कैशलेस मेडिकल सुविधा जैसी मांगों पर सरकार मौन साधे हुए है। तीन वर्षों से कैशलेस मेडिकल सुविधा के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका क्रियान्वयन नहीं हुआ। विभिन्न न्यायालयों के फैसलों को भी सरकार द्वारा लागू नहीं किया जा रहा है।
एसोसिएशन के प्रधान राजन शर्मा ने अपने संबोधन में कैशलेस मेडिकल सुविधा को शीघ्र लागू करने की मांग दोहराते हुए कहा कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि वास्तविकता में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पेंशनरों की सभी लंबित मांगों का समाधान नहीं किया गया तो पेंशनर आंदोलन के लिए विवश होंगे।
बैठक के दौरान एसोसिएशन द्वारा 26 वरिष्ठ पेंशनरों को फूलमाला व शाल ओढ़ाकर तथा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह के रूप में ‘गुरुग्राम गौरव अवार्ड–2025’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में बिजली पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में अध्यक्षीय संबोधन के पश्चात सामूहिक जलपान के साथ दिसंबर माह की मासिक बैठक का समापन किया गया।







