*ट्रिब्यून अचीवर्स अवॉर्ड्स सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन है –मुख्यमंत्री*
*कार्यक्रम में देशभर से आए अचीवर्स को विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में परिवर्तनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया*
चंडीगढ़, 6 दिसंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार देर सांय द ट्रिब्यून अचीवर्स अवॉर्ड्स–2025 कार्यक्रम में देशभर से आए विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने अवार्ड हासिल करने वालों को “चेंज मेकर्स” बताते हुए उनके शिक्षा, चिकित्सा, खेल, उद्योग, विज्ञान, संस्कृति, उद्यमिता और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में दिए गए उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्र की प्रगति को मजबूत करने वाला बताया।
द ट्रिब्यून ट्रस्ट द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई दी और द ट्रिब्यून की जनसेवा की विरासत की सराहना की। उन्होंने 145 वर्ष पुराने इस संस्थान को सत्यनिष्ठा, साहस और पत्रकारिता उत्कृष्टता का स्तंभ बताया। उन्होंने द ट्रिब्यून के संस्थापक सरदार दयाल सिंह मजीठिया के दूरदर्शी कार्य को याद किया, जिन्होंने 1881 में अपनी पूरी संपत्ति ट्रस्ट को दान की और इसके शासन से अपने परिवार के सदस्यों को दूर रखकर इसकी स्वतंत्रता सुनिश्चित की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि द ट्रिब्यून एकमात्र समाचार पत्र ने विभाजन के दौरान भी अपना प्रकाशन नहीं रोका था। 14 अगस्त को लाहौर से और 15 अगस्त 1947 को शिमला से इसका निरंतर प्रकाशन हुआ, जो इसके जनकल्याण के प्रति अटूट समर्पण को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने ट्रिब्यून अचीवर्स अवॉर्ड्स–2025 को केवल सम्मान समारोह न बताते हुए इसे एक राष्ट्रीय आंदोलन बताया, जो प्रतिभा को पहचान देता है, उत्कृष्टता को प्रेरित करता है और उभरते भारत की दृढ़ता को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के अचीवर्स दृढ़ता, अनुशासन और नवाचार का प्रतीक हैं और उनकी उत्कृष्टता भारत के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि आप सिर्फ सफल व्यक्ति नहीं हैं बल्कि वह प्रकाश स्तंभ हैं जो अंधकार में भी आगे का रास्ता दिखाते हैं।
राज्य सरकार की प्रतिभा सम्मान नीति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षकों, वैज्ञानिकों, महिला अचीवर्स, सरकारी कर्मचारियों, खिलाड़ियों, कलाकारों, श्रमिकों तथा सामाजिक योगदानकर्ताओं के लिए हरियाणा में दिए जाने वाले पुरस्कारों का उल्लेख भी किया। उन्होंने विशेष रूप से स्टेट टीचर अवॉर्ड्स, हरियाणा विज्ञान रत्न अवॉर्ड्स, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन अवॉर्ड्स, कल्पना चावला हरियाणा सोलर अवॉर्ड, तथा सुषमा स्वराज अवॉर्ड और इंदिरा गांधी महिला शक्ति अवॉर्ड जैसे कई महिला-केंद्रित पुरस्कारों का जिक्र किया।
उन्होंने हरियाणा सीएसआर सलाहकार बोर्ड के योगदान का भी उल्लेख किया, जो सामाजिक सेवा में जुटे व्यक्तियों, कंपनियों, उद्यमियों और संगठनों को एक साझा मंच प्रदान करता है।
अचीवर्स को अगली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बनने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असली प्रगति दूसरों को सक्षम बनाने में है। उन्होंने कहा, यदि आज का अचीवर कल के 100 अचीवर्स तैयार कर दे, तो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा देखे गए ‘विकसित भारत’ के सपने को 2047 से पहले भी साकार किया जा सकता है।
श्री नायब सिंह सैनी ने यह भी कहा कि आज भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बी.आर. अम्बेडकर का परिनिर्वाण दिवस है। उन्होंने उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की है।









