अवैध यूनिपोल पर निगम का शिकंजा: 25 जब्त, एक करोड़ का जुर्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

– सती चौक, नौरंगपुर रोड, सिकंदरपुर व मानेसर में अभियान

– आयुक्त बोले: अवैध गतिविधियों पर लगातार चलेगी कार्रवाई

मानेसर, 11 फरवरी। नगर निगम मानेसर ने निगम क्षेत्र में विज्ञापन के लिए लगाए गए अवैध यूनिपोल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को 25 यूनिपोल हटाकर जब्त कर लिए। अवैध विज्ञापनकर्ताओं पर निगम ने कुल एक करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने फील्ड में उतरकर किया।

आयुक्त प्रदीप सिंह ने बताया कि अवैध यूनिपोल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहे थे और इससे निगम को हर महीने लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी यूनिपोल संचालकों पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है और निर्धारित समय में भुगतान न करने पर हरियाणा म्युनिसिपल एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान आयुक्त ने कड़े शब्दों में कहा कि निगम क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा। निगम ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर जुर्माना राशि जमा कराने के निर्देश दिए हैं। भुगतान न होने की स्थिति में मुकदमा दर्ज कर आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

जब्त किए गए यूनिपोल को निगम द्वारा नीलाम किया जाएगा। निगम की टीम ने सेक्टर-82, सती चौक, नौरंगपुर रोड, मानेसर, एनएच-48 और आसपास के क्षेत्रों में यह अभियान चलाया। इस दौरान संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार, संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव सहित विज्ञापन शाखा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें