-वर्ष 2022 में सीएम रहते दुबई गए मनोहर लाल ने ग्लोबल सिटी के प्रोजेक्ट के लिए कंपनियों को किया था आमंत्रित

-वर्तमान में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का इस प्रोजेक्ट पर पूरा फोकस

गुरुग्राम। भाजपा के वरिष्ठ नेता सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में ग्लोबल सिटी बनाने का पूर्व सीएम मनोहर लाल का सपना अब सीएम नायब सिंह सैनी पूरा कर रहे हैं। सीएम रहते हुए मनोहर लाल ने दुबई जाकर ग्लोबल सिटी के साथ-साथ जंगल सफारी का पूरा प्रोजेक्ट देखा। वहां की कंपनियों के साथ बैठक करके इस प्रोजेक्ट में निवेश पर बात की थी। ग्लोबल सिटी में उस समय 13 कंपनियों ने रुचि दिखाई थी। उन्होंने यह भी कहा कि गुरुग्राम में जंगल सफारी बनाने को लेकर भी काम जारी है। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के प्रयासों से यह प्रोजेक्ट भी सिरे चढऩे जा रहा है।

सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि गुरुग्राम सहित पूरे हरियाणा के विकास की सोच और उस सोच को आगे बढ़ाकर धरातल पर काम सिर्फ भाजपा सरकार में संभव हो पाया है। पहले की सरकारें मूलभूत सुविधाएं देने में भी असफल रही हैं, जबकि पिछले 10 साल से अधिक समय से भाजपा की सरकार में काम सिरे चढ़ रहे हैं। हर क्षेत्र में विकास के कार्यों को तय समय में पूरा करके जनता को सुविधाएं दी जा रही हैं। पौने 10 साल तक सीएम रहे मनोहर लाल ने हरियाणा के विकास में योजनाबद्ध तरीके से काम करके यह दिखाया कि राजनीति में सिर्फ वादे नहीं काम करने के इरादे भी रखने पड़ते हैं।

सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि पूर्व सीएम एवं वर्तमान में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के पदचिन्हों पर चलते हुए वर्तमान सीएम नायब सिंह सैनी उनकी विकास की सोच को आगे बढ़ा रहे हैं। शनिवार को गुरुग्राम दौरे के दौरान उन्होंने ग्लोबल सिटी की साइट का निरीक्षण करके अगले साल के अंत तक पहले चरण का काम पूरा कर लिया जाएगा। पहल चरण में इस परियोजना पर 587 एकड़ में निर्माण पर 940 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद वैसे तो गुरुग्राम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुआ है, अब यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी बनने के बाद गुरुग्राम पूरी दुनिया की नजर में नंबर-1 शहर होगा। दुबई जैसे देशों में रहने की सोच रखने वालों के लिए उसी तरह का वातावरण ग्लोबल सिटी में उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम शहर ही नहीं पूरे जिला में विकास के काम चल रहे हैं। यहां सडक़ और रेल मार्ग का जाल बिछ रहा है। व्यापार की दृष्टि से भी यहां पर ऐतिहासिक काम हुए हैं। दिल्ली से वाया गुरुग्राम मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण करके कई राज्यों के बीच का आवागमन आसान करने का काम भाजपा सरकार में ही हुआ है।

दिल्ली-गुरुग्राम के यातायात जाम को खत्म करने के लिए पहले केएमपी एक्सप्रेस-वे बनाया गया। उसके बाद द्वारका एक्सप्रेस-वे बनाया गया। अब द्वारका एक्सप्रेस-वे से कनेक्ट करके अलग से सडक़ें बनाई जा रही हैं। कुल मिलाकर यहां के विकास को चार चांद लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह भी विकास पुरुष के रूप में सामने आए हैं। उनकी सोच में हरियाणा का चहुंमुखी विकास है। सरकार की योजनाओं का हर वर्ग को निश्चित रूप से लाभ देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!