कुरुक्षेत्र, 1 दिसंबर (वैद्य पंडित प्रमोद कौशिक)। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती के अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा लगाए गए हरियाणा पैवेलियन का हरियाणा के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी व हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी ने अवलोकन किया।
पैवेलियन में मौजूद हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि “हमारी संस्कृति और हमारी बोली सबसे न्यारी और सबसे खास है। हमारी बोली की मिठास और संस्कृति के संस्कार किसी से कम नहीं हैं।”
हरियाणा पवेलियन में पहुंचने पर विश्वविद्यालय अधिकारियों ने उनका औपचारिक रूप से स्वागत किया। पैवेलियन के विभिन्न स्टालों और प्रदर्शनों को बड़े उत्साह से देखते हुए उन्होंने कहा कि यहां आकर पूरे हरियाणा के विकास, परंपराओं, रीति-रिवाजों, वेशभूषा, खान-पान और जीवन शैली के दर्शन एक ही स्थान पर हो जाते हैं, जिससे अपनापन महसूस होता है।
इस दौरान स्वदेशी जागरण मंच की ओर से हरिकेश पपोसा व अन्य सदस्यों ने उन्हें स्वदेशी का पत्रक भेंट किया।









