भाजपा ‘भ्रम बेचकर’ जनता को ठग रही है : वेदप्रकाश विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“वर्तमान की बदहाली से ध्यान भटकाने को 2047 के सपने—भाजपा जिम्मेदारी से भाग रही : विद्रोही”

रेवाडी/चंडीगढ़, 29 नवंबर 2025। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि हरियाणा की भाजपा सरकार वर्तमान की कटु सच्चाई को छिपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए ‘आत्मनिर्भर विकसित भारत 2047’ जैसे नारों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक भविष्य के सपने दिखाकर लोगों को ठगने का कार्य कर रहे हैं, जबकि मौजूदा समस्याओं पर कोई गंभीरता नहीं दिखा रहे।

विद्रोही ने कहा कि भाजपा या तो अतीत में जाकर कांग्रेस पर दोषारोपण करती है या फिर भविष्य के मुंगेरीलाल जैसे सपने दिखाकर अपनी जवाबदेही से बचती है, लेकिन बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था, आर्थिक बदहाली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी ज्वलंत समस्याओं पर कोई ठोस चर्चा नहीं करती।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनता का वर्तमान ही बदहाल है, और सरकार सुधार करने की बजाय भविष्य के सपने दिखाकर पल्ला झाड़ लेती है, तो न वर्तमान सुधरेगा और न भविष्य उज्ज्वल होगा। “जनता रोजगार, विकास और बुनियादी सुविधाओं की मांग करती है तो भाजपा फिर कांग्रेस सरकारों पर आरोप मढ़कर पतली गली से निकल जाती है,” उन्होंने कहा।

‘11 साल की सत्ता में भी भाजपा कांग्रेस को दोष देकर भाग रही’

विद्रोही ने कहा कि भाजपा पिछले 11 वर्षों से सत्ता में है, फिर भी वह हर मुद्दे पर कांग्रेस को कोसकर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है। उन्होंने स्वदेशी को बढ़ावा देने की भाजपा नेताओं की अपील पर भी सवाल उठाया और कहा कि “जो नेता खुद 95 प्रतिशत विदेशी वस्तुएं इस्तेमाल करते हैं, वे स्वदेशी अपनाने का उपदेश देते हुए पहले चुल्लूभर पानी में डूब जाएं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता विदेशी कारें, विदेशी कपड़े, विदेशी चश्मे, विदेशी मोबाइल और विदेशी घरेलू उपकरणों का उपयोग करते हैं, फिर भी स्वदेशी का राग अलापते हैं। “स्वयं विदेशी जीवनशैली अपनाने वाले नेताओं का स्वदेशी पर प्रवचन देना बेशर्मी है,” विद्रोही बोले।

शिक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा नेताओं पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया। “आमजन को सरकारी व देसी माध्यम स्कूलों में पढ़ाने की सलाह देने वाले नेता अपने बच्चों को विदेशों या महंगे अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ़ाते हैं,” उन्होंने कहा।

बेरोजगारी, निवेश और विकास पर सरकार घिरी

वेदप्रकाश विद्रोही ने दावा किया कि:

  • हरियाणा बेरोजगारी में देश में नंबर-वन है।
  • कांग्रेस शासन की तुलना में विदेशी निवेश 37% से घटकर 28% रह गया।
  • राज्य का जीडीपी योगदान 8.5% से घटकर 6.5% हो गया।
  • किसानों पर कर्ज तीन गुना बढ़ गया।
  • प्रदेश का कुल कर्ज कांग्रेस काल की तुलना में छह गुना हो चुका है।
  • कानून व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल स्थिति में हैं।

उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को नजरअंदाज कर भाजपा केवल 2047 का सपना दिखाकर जनता को भ्रमित और गुमराह कर रही है।

‘रेलवे स्टेशनों पर अभियान, पर टिकट खरीदा या नहीं?’

हरियाणा में ‘आत्मनिर्भर भारत’ कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रेलवे स्टेशनों पर लोगों से संवाद किए जाने पर विद्रोही ने सवाल उठाया कि क्या सभी कार्यकर्ताओं ने प्लेटफॉर्म टिकट खरीदा था? इसके अलावा, रेलवे परिसरों में लगाए गए अस्थायी बोर्ड क्या नियमों का उल्लंघन नहीं थे?

उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता को उपदेश देने से पहले स्वयं नियमों का पालन और अपने आचरण में सुधार करना चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें