“मिशन प्रदूषण-मुक्त गुरुग्राम: नगर निगम ने बढ़ाया कदम, एंटी-स्मॉग गन और विशेष सफाई अभियान शुरू”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“शहर की वायु गुणवत्ता सुधारने को निगम का बड़ा एक्शन, हॉटस्पॉट क्षेत्रों में होगी सघन धूल नियंत्रण व सफाई”

गुरुग्राम, 27 नवंबर। शहर को स्वच्छ और प्रदूषण रहित बनाने के लक्ष्य के साथ नगर निगम गुरुग्राम ने प्रदूषण नियंत्रण गतिविधियों को और अधिक तेज कर दिया है। निगम की ओर से धूल नियंत्रण, सडक़ सफाई और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं।

निगम द्वारा नई एंटी स्मॉग गन वाहनों को शहर की प्रमुख सडक़ों पर तैनात किया गया है। ये गन एसटीपी से प्राप्त शोधित पानी का छिडक़ाव कर हवा में उडऩे वाली धूल को तुरंत बैठाने का कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही पानी के टैंकरों के माध्यम से भी नियमित रूप से सडक़ पर छिडक़ाव किया जा रहा है, ताकि प्रदूषण नियंत्रण में अधिकतम प्रभाव हासिल हो सके।

निगम की सफाई टीमें दिन-रात अलग-अलग मोर्चों पर सक्रिय हैं। सडक़ किनारों पर जमा धूल-मिट्टी को हटाने का अभियान लगातार चल रहा है। शहर में फैले सीएंडडी वेस्ट, बागवानी कचरा, खरपतवार तथा प्लास्टिक वेस्ट को विशेष अभियान के तहत उठाया जा रहा है। नगर निगम की 19 रोड स्वीपिंग मशीनें रात के समय मुख्य सडक़ों की मशीनरी सफाई कर रही हैं, ताकि दिन में यातायात प्रभावित न हो और सडक़ों की स्वच्छता बनी रहे।

प्रदूषण बढ़ाने वाली गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण के लिए निगम टीमें कड़ी निगरानी कर रही हैं। सहायक सफाई निरीक्षकों की टीम कचरा फैलाने या जलाने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई कर रही है। सैनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स शहर में कचरे और मलबे की अनधिकृत डंपिंग रोकने के लिए नियमित गश्त कर रही है।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छता और बेहतर सफाई व्यवस्था को लेकर निगम द्वारा बहु-स्तरीय कार्य योजना पर तेजी से अमल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे कचरा न जलाएं, निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें और शहर की स्वच्छता में सहयोग दें। नगर निगम के ये प्रयास आने वाले दिनों में गुरुग्राम के प्रदूषण स्तर को कम करने तथा शहर की स्वच्छता स्थिति को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें