“टीबी उन्मूलन की ओर बड़ा कदम—रेड क्रॉस सोसायटी ने बढ़ाया जागरूकता और पोषण समर्थन”

गुरुग्राम। जिला रेडक्रॉस सोसायटी गुरुग्राम ने टीबी मुक्त भारत–टीबी मुक्त गुरुग्राम के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सूरत नगर में जागरूकता एवं उच्च प्रोटीन किट वितरण शिविर आयोजित किया। यह कार्यक्रम उपायुक्त अजय कुमार, एडीसी वत्सल वशिष्ठ, रेडक्रॉस हरियाणा प्रांत उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी और महासचिव डॉ. सुनील के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का संचालन जिला टीबी समन्वयक रोहिताश शर्मा ने किया।

कार्यक्रम में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव विकास कुमार ने उपस्थित लोगों को टीबी के संक्रमण, उसके लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीबी के संभावित लक्षण दिखने पर मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल, पीएचसी या सीएचसी ले जाएं, जहां निशुल्क जांच और इलाज उपलब्ध है। उन्होंने साफ-सफाई को टीबी रोकथाम का सबसे अहम आधार बताते हुए घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
सीएमओ डॉ. अलका सिंह ने मरीजों को समय पर दवा लेने, उच्च प्रोटीन युक्त भोजन, विटामिन-सी का पर्याप्त सेवन और संतुलित आहार अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सही पोषण व सकारात्मक सोच उपचार को तेजी से प्रभावी बनाते हैं। डॉ. अलका सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को टीबी मुक्त भारत की शपथ भी दिलवाई।

डिप्टी सीएमओ डॉ. रंजना ने मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा को शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताते हुए मरीजों का हौसला बढ़ाया।
शिविर में टीबी से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया गया और लोगों को बताया गया कि जागरूकता ही टीबी उन्मूलन का सबसे मजबूत आधार है।
कार्यक्रम में पीएचसी सूरत नगर की चिकित्सकीय टीम—डॉ. वीरेन्द्र कौर बक्सी, डॉ. छवि यादव सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिविर को सफल बनाने में वनीता पीटर, मंजू शर्मा, मनोज सिंह चौहान और जोगेंद्र राठी आदि का विशेष सहयोग रहा।
रोहिताश शर्मा ने सभी से आह्वान किया कि वर्ष 2025 तक प्रधानमंत्री के लक्ष्य के अनुरूप टीबी मुक्त भारत बनाने के लिए हर नागरिक अपनी भूमिका निभाए। जिला रेडक्रॉस सोसायटी हर जरूरतमंद मरीज की सहायता के लिए सदैव तत्पर है।









