डीसी अजय कुमार ने पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की समीक्षा बैठक ली, सुधारों की प्रगति तेज करने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पोर्टल जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने और मॉनिटरिंग सख्त करने के आदेश

आवेदन, सत्यापन से लेकर पंजीकरण तक सभी चरण बिना विलंब और व्यवस्थित ढंग से संचालित हों- डीसी

गुरुग्राम, 26 नवंबर – डीसी अजय कुमार ने कहा कि जिले में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली पूर्ण रूप से क्रियाशील है और नागरिक अब सभी रजिस्ट्री सेवाएँ डिजिटल माध्यम से सहजता से प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस व्यवस्था को जमीन पर और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक चरण आवेदन, दस्तावेज़ सत्यापन, अपॉइंटमेंट तथा पंजीकरण को उच्चतम मानकों के साथ संचालित किया जाए। डीसी ने कहा कि पेपरलेस प्रणाली में किसी प्रकार की देरी या बाधा नहीं आनी चाहिए।

डीसी ने बताया कि 1 नवंबर 2025 से शुरू की गई इस व्यवस्था ने पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बना दिया है। उन्होंने कहा कि नागरिक अब eregistration.revenueharyana.gov.in पोर्टल पर जाकर आवेदन भरने से लेकर दस्तावेज सत्यापन और अपॉइंटमेंट तक सभी चरण ऑनलाइन पूर्ण कर सकते हैं। इससे समय की बचत होने के साथ-साथ कार्यालयों में भीड़ कम हुई है और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और प्रशासन के साथ सहयोग देकर पेपरलेस प्रणाली को सफल बनाएं।

बैठक के दौरान डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पोर्टल संबंधी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएँ, ताकि कोई भी नागरिक इस सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किया गया यह पेपरलेस सिस्टम पंजीकरण प्रक्रिया में बड़ा बदलाव है, इसलिए इसे गंभीरता से लागू किया जाए। सभी तहसीलों में हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।

डीसी ने यह भी कहा कि पोर्टल पर प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए और रजिस्ट्री प्रक्रिया को त्वरित एवं सुचारू बनाया जाए। उन्होंने जिला राजस्व अधिकारी को सभी तहसीलों में ई-रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

बैठक में एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, एसडीएम सोहना अखिलेश, एसडीएम पटौदी दिनेश, डीआरओ विजय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें