नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ : 18 यात्रियों की मौत पर वेदप्रकाश विद्रोही ने जताया शोक ………

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मोदी सरकार पर लगाया कुप्रबंधन का आरोप

नई दिल्ली,चंडीगढ़,रेवाड़ी, 17 फरवरी 2025: स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में 18 यात्रियों की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए परमपिता परमात्मा से इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की और सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

विद्रोही ने इस घटना के लिए मोदी सरकार के कुप्रबंधन और रेलवे मंत्रालय की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ प्रयागराज को राजनीतिक औजार के रूप में इस्तेमाल कर भाजपा ने इसका महिमामंडन किया और आम जनता को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताबल, धनबल और प्रचार बल के जरिए भाजपा ने लोगों को महाकुंभ में शामिल होने के लिए प्रेरित किया, लेकिन इसके अनुरूप व्यवस्थाएं करने में पूरी तरह विफल रही।

विद्रोही ने कहा कि पहले 29 जनवरी को प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ हुई और अब 15 फरवरी को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यह हृदयविदारक घटना घटी, जिससे 18 निर्दोष लोगों की जान चली गई। उन्होंने सरकार की अव्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महाकुंभ में मारे गए लोगों की सूची तक जारी नहीं कर पाई, न ही घायलों की पूरी जानकारी दी गई। इसी तरह दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में कितने लोग घायल हुए, वे किस अस्पताल में भर्ती हैं और उनके नाम क्या हैं, इसकी जानकारी भी सरकार अब तक देने में असफल रही है।

विद्रोही ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महाकुंभ और दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ का सच छिपाने और दबाने का प्रयास कर रही है, जो बेहद निंदनीय और दुखद है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!