हरियाणा विधान सभा में होली मिलन समारोह का आयोजन, सेरेमोनियल गेट पर खेली फूलों की होली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 2 मार्च – हरियाणा विधान सभा में सोमवार को होली का पावन पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास, रंगों और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। बजट सत्र के दौरान मुख्य मंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बजट भाषण प्रस्तुत किए जाने के उपरांत, विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण मंत्रिपरिषद के सदस्यों, विधायकों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा पत्रकारों के साथ सेरेमोनियल गेट पर पहुंचे, जहां फूलों की होली खेली गई। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं और सद्भावना का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। लोक कलाकारों ने हरियाणवी लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से वातावरण को उल्लासमय बना दिया। विधान सभा परिसर उत्सव के रंगों से सराबोर दिखाई दिया और मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने औपचारिक दायित्वों के बीच कुछ पल आपसी आत्मीयता के साथ बिताए।

इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती भी इसी भावना पर आधारित होती है, जहां मतभेदों के बावजूद संवाद, सहयोग और सम्मान की परंपरा कायम रहती है।

उन्होंने कहा कि विधान सभा जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व करने वाला सर्वोच्च मंच है, और यहां पर विभिन्न विचारधाराओं के लोग जनता की भलाई के लिए एकत्रित होते हैं। ऐसे में होली का यह पर्व हमें याद दिलाता है कि राजनीतिक मतभेद व्यक्तिगत संबंधों में दूरी का कारण नहीं बनने चाहिए। बल्कि विविधता में एकता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें