आर्य समाज, सेक्टर-4 गुरुग्राम में उमंग, उल्लास और आत्मीयता का अद्भुत संगम
गुरुग्राम, 1 मार्च 2026। मित्र सभा (रजि.) द्वारा आर्य समाज परिसर, सेक्टर-4 गुरुग्राम में रविवार को दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक वार्षिक होली मिलन समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदस्यों और उनके परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे वातावरण को रंगों, संगीत और भाईचारे की भावना से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभा के महासचिव बी.के. बजाज ने किया। इस अवसर पर सभा के प्रधान श्री राजन चड्ढा ने उपस्थित सभी सदस्यों और उनके परिवारजनों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला उत्सव है।
सभा के संरक्षक श्री धरम सागर ने होली भजनों की मधुर प्रस्तुतियों के बीच सभी को आशीर्वचन प्रदान किए और समाज में सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। समारोह में सनातन धर्म सभा गुरुगाम के अध्यक्ष श्री एस.के. खुल्लर की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ा दी।
वरिष्ठ सदस्य श्री उमा शंकर निझावन ने एक सुंदर और भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं श्री वी.के. आहूजा और मैडम गीतिका बजाज ने तंबोला के रोचक खेल के माध्यम से उपस्थितजनों का भरपूर मनोरंजन किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और रोमांच का संचार हुआ।
इस अवसर पर 12 जनवरी 2026 से 1 मार्च 2026 के बीच जन्मदिन मनाने वाले सदस्यों को मंच पर सामूहिक रूप से सम्मानित किया गया। सभा द्वारा उन्हें शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम की सफलता में आशीष सरदाना, किशोर पाहूजा, विजय भगत और वेद आर्य का विशेष योगदान रहा। उनके समर्पण और सहयोग से यह आयोजन सुव्यवस्थित एवं यादगार बन सका।
समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, भाईचारे व एकता की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।








