प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन, उनकी गारंटी, सुशासन होगा हमारा मूलमंत्र

हर क्षेत्र – हर वर्ग की जरूरतों के अनुसार अगले 5 सालों में लिए जाएंगे नये निर्णय- मुख्यमंत्री

हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाकर आमजन ने प्रधानमंत्री की नीतियों पर लगाई है मुहर

चंडीगढ़, 18 अक्तूबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने लगातार तीसरी बार बड़े बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए प्रदेशवासियों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का अनुसरण करते हुए हमारी सरकार गरीब, युवा, अन्नदाता के कल्याण व नारी सशक्तिकरण के लिए कृत संकल्प होकर कार्य करेगी। हर क्षेत्र – हर वर्ग की जरूरतों के अनुसार नये निर्णय लाए जाएंगे और पहले से चल रहे कार्यों को नॉन-स्टॉप आगे बढ़ाया जाएगा। विकसित भारत के संकल्प में हरियाणा की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी।

मुख्यमंत्री आज यहां नवगठित मंत्रिमंडल की पहली बैठक की अध्यक्षता करने उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

जनता ने कांग्रेस के नैरेटिव को धराशाही कर भाजपा को दिया पूर्ण बहुमत

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने तीसरी बार बहुत बड़े बहुमत के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी नीतियों पर मुहर लगाई है। चुनाव के दौरान विपक्ष ने जो नैरेटिव बनाया, उसे जनता ने धराशाही करने का काम किया है। विपक्ष ने चुनाव में खिलाड़ियों का इस्तेमाल किया, किसानों को भी भ्रामक स्थिति में डालने का काम किया और यहां तक कि युवाओं को पर्ची-खर्ची की बात कही। विपक्ष की ऐसी बातों की जो मूलभावना समझ आई वो भ्रष्टाचार थी। युवाओं को भी समझ आया कि वर्ष 2014 से पहले जिस प्रकार भ्रष्टाचार के आधार पर नौकरियां मिलती थी, उसी प्रकार फिर से शुरू हो जाएंगी। परंतु प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के इस नैरेटिव को धराशाही करते हुए भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आज मैंने मुख्यमंत्री के तौर पर पदभार ग्रहण किया है, उसकी प्रकार आज प्रदेश में 25 हजार युवाओं ने भी नौकरी में ज्वाइन किया है। उन्होंने कहा कि यह गरीब द्वारा चुनी गई सरकार है। प्रदेश के 2.80 करोड़ लोगों ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए हमारी सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हमारी डबल इंजन की सरकार ने प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं और 10 साल बाद जब हम चुनाव में जनता के बीच गए तो लोगों ने खुलकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का समर्थन करते हुए विपक्ष के प्रोपोगेंडा को सिरे से नकारते हुए कमल का बटन दबाकर विपक्ष को जवाब देने का काम किया है।

आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को मुख्यमंत्री की चेतावनी

आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे व्यक्ति या तो सुधर जाएं या फिर प्रदेश छोड़ दें, अन्यथा उन्हें हम सुधार देंगे, क्योंकि ऐसे लोगों की प्रदेश में कोई जगह नहीं है। हर व्यक्ति की रक्षा-सुरक्षा का दायित्व प्रदेश सरकार का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!