— सब-जूनियर नेशनल आर्चरी में 2 रजत और 1 कांस्य के साथ किया गुरुग्राम का मान बढ़ाया


गुरुग्राम | 29 नवंबर 2025 – अरुणाचल प्रदेश की शांत वादियों में आयोजित 42वीं NTPC सब-जूनियर नेशनल आर्चरी चैम्पियनशिप 2025 में गुरुग्राम पुलिस कार्यालय में तैनात उप-अधीक्षक (कार्यालय) श्रीमती मीना की बेटी जिया यादव ने अपनी तीरंदाजी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए पूरा मैदान जीत लिया। जिया ने 02 रजत और 01 कांस्य सहित कुल 03 पदक अपने नाम कर गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया।
🔹 जिया की शानदार उपलब्धियाँ
25 से 28 नवंबर 2025 तक ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में हुई प्रतियोगिता में जिया ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और मेहनत का बेहतरीन परिचय दिया।
उन्होंने निम्न श्रेणियों में मेडल हासिल किए—

- रजत पदक — व्यक्तिगत ओवरऑल
- कांस्य पदक — व्यक्तिगत रैंकिंग
- रजत पदक — मिश्रित टीम श्रेणी
उनके प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि जज़्बा हो तो उम्र की कोई सीमा नहीं, और लक्ष्य चाहे कितना भी कठिन क्यों न हो — सही निशाना लगाना कोई रोक नहीं सकता।
🔹 पुलिस आयुक्त ने दी बधाई
गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त श्री विकास कुमार अरोड़ा, IPS ने जिया यादव को शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि जिया जैसी प्रतिभाएँ प्रदेश और देश का भविष्य उज्ज्वल बनाती हैं। उन्होंने जिया के उज्जवल भविष्य और आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करने की शुभकामनाएँ दीं।
जिया की इस उपलब्धि ने न केवल गुरुग्राम पुलिस परिवार बल्कि पूरे हरियाणा के खेल जगत को गौरवान्वित किया है।









