उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने हाजीपुर (पातली) में करोड़ों की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

गुरुग्राम, 29 नवंबर। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के समग्र विकास को लेकर राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ मिशन मोड में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता है कि आमजन को हर सेवा समय पर, पारदर्शिता के साथ और सर्वोत्तम गुणवत्ता में उपलब्ध हो। कैबिनेट मंत्री गांव हाजीपुर (पातली) में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे, जहां ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम की विकास आवश्यकताओं को देखते हुए विभिन्न विभागों के माध्यम से तेजी से योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य केवल आधारभूत ढांचे को मजबूत करना ही नहीं, बल्कि गांवों को भी शहरों जैसी उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों के इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने गांव में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें एचएसआईआईडीसी की ओर से 72 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले आधुनिक पार्क का निर्माण, पंचायत विभाग द्वारा 4 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पीएचसी का शिलान्यास और एमजीजीबीवाई कॉलोनी के विकास के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है। इसके अतिरिक्त गांव के खेतों तक पहुंचने वाले पक्के रास्तों के निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने एचएसआईआईडीसी द्वारा 1 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से गांव में स्थापित की गई स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधाएं न केवल ग्रामीणों को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करेंगी, बल्कि गांव के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा देंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी दिनों में गांव और आसपास के क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं पर भी प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर बिजली विभाग से कार्यकारी अभियंता गौरव चौधरी, एसडीओ मनपाल ढुल, बीडीओ नरेश कुमार, तहसीलदार सज्जन सिंह, नायब तहसीलदार प्रतीक, सरपंच धर्मपाल, तेजराम एडवोकेट, आजाद सिंह, सुभाष शर्मा, चौधरी मूलचंद, नत्थूराम, गांव के पंच कैलाश, सुनील, राजबीर, ललित, रसना यादव एडवोकेट, मनीषा, कुसुम तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री ने सुशांत लोक 2 व 3 में पार्कों के सौंदर्यीकरण का किया उद्घाटन, विभिन्न विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने शनिवार को सुशांत लोक 2 एवं 3 में पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में क्षेत्र के निवासियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने मंत्री का अभिनंदन किया और क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा भी की। कार्यक्रम में नगर निगम पार्षद प्रथम वशिष्ठ, सोनिया यादव, कुलदीप यादव, नारायण भड़ाना सहित आरडब्ल्यूए अध्यक्ष पवन यादव उपस्थित रहे।









