राष्ट्रीय सचिव से प्रदेश की राजनीति व संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करेगी हरियाणा की जनता : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 20 जुलाई। भाजपा हरियाणा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ से उनके आवास पर मुलाकात की। श्री बड़ौली ने हनुमान जी की मूर्ति और पुष्प गुच्छ भेंटकर राष्ट्रीय सचिव श्री धनखड़ का अभिनंदन किया। दोनों नेताओं के बीच करीब घंटे भर प्रदेश की राजनीति और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।
गुरुग्राम स्थित अपने आवास पर पहुंचने पर श्री धनखड़ ने भी प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली का स्वागत किया और बधाई तथा शुभकामनाएं दी। श्री धनखड़ से मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली हरियाणा भवन पहुंचे और उसके बाद राष्ट्रीय कार्यालय के लिए रवाना हुए।
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया है कि भाजपा संगठन विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश में करवाए गए विकास के कार्यों और भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर हम जनता के दिल में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि 10 साल का सुशासन देश और प्रदेश में भाजपा सरकार ने दिया है। अब हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग हिसाब की बात करते हैं, लेकिन जनता चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर उसका हिसाब चुकता कर देगी।