बाप-बेटे का हिसाब-किताब विधानसभा चुनाव में जनता कर देगी : डा. सतीश पूनिया

हरियाणा की जनता का भाजपा पर भरोसा, तीसरी बार स्पष्ट बहुमत से बनेगी नायब सरकार : डा. पूनिया

रोहतक प्रवास पर पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी ने ली विशेष कोर ग्रुप की बैठक

चंडीगढ़,  20 जुलाई। बीजेपी का फोकस हरियाणा में तीसरी बार स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाने पर है। भाजपा का विजय रथ लगातार आगे बढ़ता रहे इसी रणनीति पर पार्टी काम कर रही है। चुनाव को मद्देनजर रखते हुए हरियाणा भाजपा प्रभारी डा. सतीश पूनिया प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में श्री पूनिया शनिवार को रोहतक प्रवास पर पहुंचे और यहां उन्होंने विशेष कोर ग्रुप की बैठक ली। इस बैठक में श्री पूनिया ने पदाधिकारियों से खुलकर बात की और उनके मन को भी टटोला। पार्टी कार्यालय मंगल कमल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की रूपरेखा व अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की तथा जरूरी दिशा निर्देश दिए। बैठक में पदाधिकारियों ने भी चुनाव जीतने संबंधी अपने विचार रखे और प्रभारी को विश्वास दिलाया कि विधानसभा चुनाव में वे पूरी ताकत लगाकर कमल का फूल खिलाएंगे। रोहतक पहुंचने पर प्रदेश प्रभारी श्री पूनिया का नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। बैठक के बाद श्री पूनिया ने पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए और कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि बाबू-बेटा का हिसाब-किताब विधानसभा चुनाव में जनता कर देगी।  

पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में चर्चा होती थी कि कांग्रेस क्लीन स्विप करेगी, लेकिन हमने कांग्रेस के रचे झूठ के चक्रव्यूह को तोड़ा। उन्होंने कहा कि 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने हरियाणा में बुनियादी विकास किया है। जनता का सरकार पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता परिश्रमी है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम तथा जनता के आशीर्वाद से हम तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बना रहे हैं।

डा. पूनिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव के निमित्त कार्यकर्ता सक्रियता अभियान चलाया हुआ है। सभी मोर्चों को टॉस्क दिया गया है। रविवार को भी गुरुग्राम में महिला मोर्चा का बड़ा आयोजन होगा, जिसमें महिला कार्यकर्ता भी चुनाव में अपनी बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। श्री पूनिया ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान हरियाणा भ्रष्टाचार के मामले में बदनाम था। 2014 में सरकार बनने के बाद भाजपा ने देश में हरियाणा की एक अच्छी छवि पेश की। श्री पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जो घोषणाएं की हैं उनसे जनता का भाजपा सरकार पर भरोसा बढ़ा है।  संगठनात्मक, राजनीतिक और रणनीतिक तौर पर काम करते हुए भाजपा तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाएगी।

विधानसभा का चुनाव और ईडी द्वारा की जा रही छापामारी पर पूछे गए सवाल पर श्री पूनिया ने कहा कि कांग्रेस और विरोधी लोग बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। संवैधानिक संस्थाएं बिना प्रमाण के कोई कदम आगे नहीं बढ़ाती। हालांकि विधानसभा चुनाव संयोग हो सकता है। लंबी जांच के बाद ही एजेंसियां कार्रवाई करती है।  उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को सभी निष्पक्ष और ईमानदार बताते थे, शराब घोटाला में श्री केजरीवाल की सच्चाई जनता के सामने आ गई है।

लोकसभा में सीट कम आने के सवाल पर श्री पूनिया ने कहा कि भाजपा के पक्ष में बड़ा जनमानस है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रति लोगों का कोई प्रेम नहीं उमड़ा। कांग्रेस का विरोध पहले भी था और आज भी है। पूर्व सीएम हुड्डा द्वारा हिसाब किताब देने के सवाल पर श्री पूनिया ने कहा कि  यह बाबू-बेटे की पॉलिटिकल लैंग्वेज है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चैलेंज देते कहा कि कांग्रेस ने अपने समय में कौन से तीर मारे हैं इस पर हमारे कार्यकर्ता कांग्रेस नेताओं से हर मंच पर डिबेट करने को तैयार है।

बैठक में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व महापौर मनमोहन गोयल, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर खरक, जिला परिषद चेयरमैन मंजू हुड्डा, जिला महामंत्री आशा शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप जैन, कंवल सिंह सैनी, रमेश भाटिया, राजकमल उर्फ राजू सहगल, जिला मीडिया प्रभारी सन्नी शर्मा, डॉ अशोक रंगा, अजय शर्मा, एडवोकेट वजीर खोकर, महंत सतीश दास, शमशेर कलिंग, डॉ बलबीर रंगा, धर्मपाल मकड़ौली ,मोहित धन्वंतरि, वीर सिंह हुड्डा,उदय भान मलिक, गीता आहल्याण, सतीश आहूजा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा का मीडिया विभाग विपक्ष के हर झूठ का सटीक जवाब दे रहा है : डा. पूनिया
– विपक्ष के दुष्प्रचार को भाजपा का हर कार्यकर्ता एक्सपोज करेगा : डा. पूनिया

विशेष कौर ग्रुप की बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने मीडिया एवं सोशल मीडिया के पदाधिकारियों की भी विशेष बैठक ली। बैठक में श्री पूनिया ने आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में श्री पूनिया ने पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। श्री पूनिया ने कहा कि विपक्ष न तो विचार के आधार पर चुनाव लड़ना चाहता है, न कामकाज के आधार पर, इसलिए विपक्ष अब झूठ की राजनीति पर उतर आया है। विपक्ष का अब एक ही काम रह गया है हर दिन एक नया झूठ बोलो और उसी झूठ को बार-बार बोलो। हमें विपक्ष के हर झूठ का सटीक जवाब देना है, बल्कि कांग्रेस के शासनकाल में जनता पर हुए अत्याचार और अन्याय के मामलों को भी उजागर करना है।  उन्होंने कहा कि एक तरफ तो हमें विपक्ष के झूठे दुष्प्रचार के खिलाफ लड़ना है तो दूसरी ओर सरकार की उपलब्धियों को मीडिया एवं सोशल मीडिया के जरिए गाँव-गाँव, घर-घर तक पहुंचाना है।

श्री पूनिया ने कहा कि चाहे कांग्रेस पार्टी हो या कोई गठबंधन इनके नेतृत्व का कोई ठिकाना नहीं है। विपक्ष की नीति अस्पष्ट है और नीयत भ्रष्ट है। हमें विपक्ष के दुष्प्रचार को जनता में एक्सपोज करना चाहिए। कांग्रेस को घेरते हुए श्री पूनिया ने कहा कि जो लोग शासन में भी विफल रहे हैं, वे विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करने में भी विफल रहे हैं। कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश करते हुए नायब सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करें। इस बैठक में श्री पूनिया के साथ प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक अरूण यादव, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख शमशेर सिंह खरक, अशोक छाबड़ा, नवीन गर्ग, संदीप आजाद, सोशल मीडिया सह प्रमुख श्याम यादव, प्रवक्ता नेहा धवन, संदीप हिन्दुस्तानी सहित सभी जिलों के मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख उपस्थित रहे।

You May Have Missed