मनेठी – माजरा एम्स संघर्ष समिति के अगुआ कामरेड राजेन्द्र सिंह की गिरफ्तारी का कड़ा विरोध व निन्दा प्रस्ताव

महेंद्रगढ़ में हड़ताली कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन

भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल।‌ केन्द्र व राज्य सरकारों की मजदूर- कर्मचारी, किसान विरोधी व जन विरोधी  नीतियों के खिलाफ केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व कर्मचारी फेडरेशनों / एसोसियेशनों केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देशव्यापी औद्योगिक हड़ताल और ग्रामीण बंद में श्रमिक -कर्मचारी, स्कीम वर्कर्स व किसानों ने उत्साह से भाग लिया। जिले में आज की हड़ताल कामयाब रही.जिला भर के श्रमिक -कर्मचारी व स्कीम वर्कर्स तथा किसान लघु सचिवालय पार्क नारनौल में एकत्रित हुए तथा सभा की। महेंद्रगढ़ में भी हड़तालिक कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।

संयुक्त अध्यक्षीय मण्डल जिसमें एआईयूटीयूसी जिला प्रधान मास्टर सुबे सिंह,सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कोशल कुमार यादव, राज्य सचिव महेन्द्र बोयत, किसान संगठन एआईकेकेएमएस के जिला प्रधान बलबीर सिंह, सीटू के जिला प्रधान हरीराम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन हरियाणा सम्बंधित एआईयूटीयूसी की जिला सचिव 

सन्तोष ढिल्लों, आशा कार्यकर्ता यूनियन हरियाणा सम्बंधित एआईयूटीयूसी की राज्य महासचिव मधु चौहान,मिड डे मील कार्यकर्ता यूनियन हरियाणा सम्बंधित एआईयूटीयूसी सुनीता जांगड़ा, नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राहुल सारवान ने सभा की अध्यक्षता की। सभा का संचालन सीटू जिला सचिव रोहतास गोठवाल व एआईयूटीयूसी जिला सचिव छाजूराम रावत ने किया। 

सभा पश्चात अध्यक्षीय मण्डल के नेतृत्व में अपनी मांगों के जोशीले नारों के साथ जुलूस के  रुप में लघु सचिवालय से महावीर चौक पंहुचकर जोरदार विरोध प्रदर्शित किया। 

जुलूस में श्रमिक -कर्मचारियों व किसानों में श्रमिक -कर्मचारी व किसान तथा जन विरोधी नीतियों के खिलाफ  केन्द्र व राज्य सरकार के प्रति जबरदस्त गुस्सा दिखाई पड़ रहा था। 

सभा में कामरेड ओमप्रकाश ने सरकार द्वारा किसानों पर जबरन उत्पीड़न व केन्द्रीय श्रमिक संगठन के राज्य प्रधान व मनेठी – माजरा एम्स संघर्ष समिति के अगुआ नेता कामरेड राजेन्द्र सिंह एडवोकेट की हरियाणा सरकार व पुलिस प्रशासन द्वारा गिरफ्तारी का कड़ा विरोध करते हुए सभा में सर्वसम्मति से निन्दा प्रस्ताव पारित किया।

सभा में वक्ताओं ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, खाली पड़े पदों पर स्थायी नौकरियां देने, पुरानी पेंशन बहाली, स्कीम वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने,

न्यूनतम वेतन लागू करने, भवन निर्माण मजदूरों के पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने तथा अनुचित शर्तें हटाई जाए, गांव-गांव में मनरेगा के तहत गांव के गरीबों को काम देने, मनरेगा मजदूरों को साल में 200 दिन काम देने व 600 रूपए प्रतिदिन की दिहाड़ी देने की पुरजोर मांग की गई।

मजदूर नेताओं ने कहा कि सरकार मेहनतकश लोगों की रोजी-रोटी पर ताबड़तोड़ हमले कर रही है। 44 श्रमकानूनों को खत्म कर उनकी जगह चार लेबर कोड लाकर यह काम के घंटे 8 से बढ़ाकर 12 करने, छंटनी, लेऑफ व तालाबंदी की खुली छूट देने, हड़ताल करना व यूनियन बनाना असंभव बना देने, वेतन व सुविधा कटौती करने, वर्कलोड बढ़ाने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं करने, रात्रि पाली में महिलाओं से ड्यूटी कराने जैसे घोर मजदूर- कर्मचारी विरोधी प्रावधान लागू कर रही है। बड़े संघर्ष से हासिल किए गए श्रमिक हितेषी कानूनों व  लोकतांत्रिक अधिकारों को छीन रही है। भवन निर्माण कारीगर मजदूरों के पंजीकरण की कठिन शर्तों का सरलीकरण किया जाए तथा डायरी तस्दीक में 90 दिन की शर्त हटाई जाए और यूनियन को तस्दीक का अधिकार दिया जाए। 

संयुक्त किसान मोर्चा के प्रमुख घटक किसान संगठन एआईकेकेएमएस के जिला प्रधान बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार एमएसपी कानून बनाने से मुकर गई है। जन विरोधी बिजली बिल -2022 लाने पर आमादा है, जिससे किसानों के लिए सिंचाई महंगी व बिजली गरीबों की पंहुच से बाहर हो जाएंगी। इन जनविरोधी नीतियों और काले कानूनों के चलते मजदूर किसानों समेत तमाम मेहनतकश जनता का जीना दूभर होता जा रहा है। 

सभा को राजकीय अध्यापक संघ के मास्टर महेश यादव, डाक विभाग के हिम्मत सिंह, सीताराम , शिवकुमार, मधु चौहान, राहुल सारवान, सुनीता जांगड़ा, कामरेड ओमप्रकाश, महेन्द्र बोयत, बलबीर सिंह, डॉ व्रतपाल सिंह, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान पूर्ण चंद, अध्यापक संघ के कृष्ण कुमार, भरपूर सिंह सागरपुर, नौजवानों के संगठन आल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ आर्गेनाइजेशन के जिला सचिव सतीश कुमार, ग्रामीण ट्यूबवेल ओपरेटर यूनियन के जिला प्रधान महेन्द्र सिंह चौहान, जिला सचिव सुरेंद्र कुमार मकसुसपुरिया, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, मिड डे मील कार्यकर्ता यूनियन की माया देवी ने सम्बोधित किया।

महेंद्रगढ़ में भी सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन, नारेबाजी

देश के 9 बड़े राष्ट्रीय संगठनों के आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रीय व्यापी हड़ताल को लेकर आज महेन्द्रगढ जिले के विभिन्न संगठनों के कर्मचारी,मजदूर और ग्रामीण सफाई कर्मचारी यनियन व सर्व कर्मचारी सघ हरियाणा की बैठक महेंद्रगढ़ स्थित यादव धर्मशाला में हुई। राव तुलाराम चौक पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा मुख्यालय महेन्द्रगढ़ के प्रधान जुगेश कुमार व सर्व कर्मचारी संघ के खण्ड प्रधान रणसिह मालड़ा ने संयुक्त रूप से की । बैठक का संचालन एमपीएचई एसोसिएशन के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश कुमार चौहान ने किया। मुख्य वक्ता के तौर पर हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन के प्रदेश प्रेस प्रवक्ता सुजान मालड़ा व हरियाणा ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के महासचिव कामरेड सुभाष चंद उपस्थित रहे। 

सुजान मालड़ा ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार की मजदूर, कर्मचारी व किसान विरोधी नीतियों की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले देश के कच्चे और पक्के कर्मचारियों से रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करने, ठेकेदारी प्रथा खत्म करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, न्यूनतम वेतन लागू करने का वादा किया था। लेकिन सत्ता में आने के बाद सभी वादे भूलकर कर्मचारी, मजदूर व किसान विरोधी नीतियों को बढ़ावा देने और पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का कानून बना रही है। एक तरफ मोदी सरकार किसान हितैषी होने का ढोंग कर रही है। दूसरी तरफ देश के अन्नदाता किसानों पर बर्बरतापूर्ण रवैया अपना रही है, जो सरासर नाइंसाफी है। 

हरियाणा सफाई कर्मचारी यूनियन के महासचिव कामरेड सुभाष चंद ने सरकार से पुरानी पेंशन बहाल करे ,न्यूनतम वेतन लागू करने ,वेतन विसंगतियों को दूर करने, सामाजिक सुरक्षा लागू करने तथा श्रम कानूनों में जो बदलाव किया गया है। वो कानून वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने समय रहते मांगों को पूरा नही किया तो सरकार को आने वाले चुनावों में परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। 

बैठक के बाद हड़ताली कर्मचारियों ने महेन्द्रगढ़ में आइटीआई, बस स्टैंड, हुड्डा पार्क,राव तुलाराम चौक, श्री बालाजी चौक, गांधी मार्केट, नगरपालिका, अंबेडकर चौक होते हुए वापस यादव धर्मशाला में कार्यक्रम का विधिवत रूप से समापन किया। 

बैठक में सोनू मंजू देवी, रमेश देवी, नाजूराम बंसीलाल ,राजबीर, अशोक कुमार,  पप्पू , राजू, हरिराम व पवन कुमार सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे ।

error: Content is protected !!