चुनाव को लेकर तैयार हो रही भाजपा …….

अशोक तंवर शुक्रवार को थाम सकते हैं भाजपा का दामन

भाजपा ने हरियाणा लोकसभा चुनाव के लिए तीन प्रभारी नियुक्त किए

अशोक कुमार कौशिक 

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा दूसरे दलों के नेताओं की बंपर ज्वाइनिंग करवाने जा रही है। पार्टी में होने वाली सभी तरह की ज्वाइनिंग के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में मुख्यमंत्री के पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी अहम भूमिका में हैं। उधर भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी हैं। पार्टी ने हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर दोबारा जीत हासिल करने के लिए तीन क्लस्टर बनाए हैं। एक-एक नेता को इन कलेक्टर का इंचार्ज बनाया है।

कमेटी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी, कृषि मंत्री जेपी दलाल, गन्नौर की भाजपा विधायक निर्मल चौधरी और यमुनानगर के भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा भी शामिल हैं। सभी जवाइनिंग कमेटी की सहमति पर होंगी। पार्टी मुख्यमंत्री के निर्देश पर व्यापक स्तर पर ज्वाइनिंग अभियान चलाने वाली है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सीएम ने इसके संकेत दिए थे। भाजपा में पहली बंपर ज्वाइनिंग शुक्रवार को आप नेता अशोक तंवर के रूप में हो सकती है।

इसके अलावा, भाजपा में सीएम के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव को पार्टी का प्रदेश मीडिया प्रमुख बनाया जा सकता है। सीएम के मीडिया काे-ऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा को सहमीडिया प्रमुख के पद पर नियुक्ति दी जा सकती है।

कई मोर्चाें के पदाधिकारियों का भी ऐलान जल्द

भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की घोषणा करने की तैयारी में है। इनमें सबसे ज्यादा इंतजार भारतीय जनता युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के अध्यक्ष पदों को लेकर है। इन्हें लेकर लॉबिंग चल रही है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के लिए भाजपा विधायक भव्य बिश्नोई का नाम सामने आ रहा है। भव्य बिश्नोई के अलावा भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव व राष्ट्रीय नेता गौरव गौतम का नाम भी भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के लिए लिया जा रहा है। इनके अलावा रेवाड़ी से विधायक रहे रणधीर कापड़ीवास के बेटे व भाजयुमो के नेता मुकेश यादव कापड़ीवास का नाम भी भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में चल रहा है। वे मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिल चुके हैं।

10 लोकसभा सीट को तीन कलेक्टर में बांटा

भाजपा ने पहले क्लस्टर में अपने गढ़ जीटी रोड बेल्ट की चारों सीटों अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और सोनीपत को रखा है। इस क्लस्टर के जिम्मेवारी पार्टी ने अपने राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार को दी है।

दूसरे क्लस्टर में अहीरवाल और दक्षिण हरियाणा के तीनों सीटों गुरुग्राम, फरीदाबाद और भिवानी महेंद्रगढ़ को रखा गया है। इस कलेक्टर की जिम्मेवारी पूर्व मंत्री व रोहतक के पूर्व विधायक मनीष ग्रोवर को दी गई है।

भाजपा ने तीसरे क्लस्टर में कांग्रेस के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ कहीं जाने वाली रोहतक लोकसभा सीट के अलावा बागड़ बेल्ट की दो सीटों हिसार व सिरसा को रखा है। इस कलेक्टर की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री राव नरवीर सिंह को दी गई है।

केंद्रीय नेतृत्व का फैसला

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की इसी हफ्ते दिल्ली में बैठक हुई जिसमें धरातल से मिले फीडबैक पर चर्चा हुई। पंचकूला में पिछले दिनों हरियाणा भाजपा कोर कमेटी की बैठक में नेताओं की ओर से दिए गए इनपुट पर भी विचार विमर्श हुआ। इसके बाद फैसला लिया गया कि हरियाणा को तीन कलेक्टर में बांटकर उसमें एक-एक प्रभारी लगाया जाए। उसके बाद मंगलवार को ही कृष्ण लाल पंवार, मनीष ग्रोवर और राव नरवीर सिंह में तीनों कलेक्टर की जिम्मेवारी बांट दी गई। 

हाई कमान ने समझाई जिम्मेवारियां

मंगलवार को ही भाजपा के नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कलेक्टर प्रमुखों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने बैठक कर उन्हें उनकी जिम्मेदारी और काम समझा दिए।

क्लस्टर प्रमुख करेंगे यह काम

सूत्रों के अनुसार कलेक्टर प्रभारी अपने कलेक्टर की हर लोकसभा सीट पर पन्ना प्रमुख से प्रत्याशी तक पार्टी के तमाम नेताओं के साथ तालमेल बठाते हुए उन्हें एक प्लेटफार्म पर लाने का काम करेंगे ताकि वोटरों के बीच पकड़ मजबूत की जा सके। कलेक्टर प्रभारी की जिम्मेवारी होगी कि वह हर लोकसभा सीट पर पार्टी टिकट के तमाम दावेदारों का सही मूल्यांकन करके उनकी रिपोर्ट हाई कमान तक पहुंचाएंगे ताकि सही उम्मीदवारों को टिकट दिया जा सके।

यही नहीं टिकट पक्की हो जाने से लेकर मतदान होने तक क्लस्टर प्रभारी अपने अधीन आने वाली हर लोकसभा सीट पर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर यह योजना भी करेंगे की पार्टी कैसे जीत सकती है । इस योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने की जिम्मेवारी भी कलेक्टर प्रभारी की रहेगी। क्लस्टर प्रभारी अपने अधीन आने वाली हर लोकसभा सीट पर जाकर वहां के स्थानीय नेताओं से बैठक करेंगे स्थानीय नेताओं से मिलने वाला फीडबैक सीधे हाई कमान तक पहुंचाएंगे। इसी फीडबैक के आधार पर पार्टी सीट वार चुनाव की योजना और रणनीति बनाएगी।

भाजपा ने तय किया है कि इस बार लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के अलावा अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण का ज्यादा से ज्यादा प्रचार किया जाए। इसके अलावा समय-समय पर आने वाले बाकी मुद्दों को भी भुनाया जाएगा। कलेक्टर प्रभारी सीधे दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट करेंगे। पार्टी केंद्रीय नेतृत्व जरूरत पड़ने पर सीधे इन्हें सीधे दिशा निर्देश देगा और उनकी रिपोर्ट लेगा। खास तौर पर चुनाव से जुड़ी सीट वार रणनीति को लागू करने का जिम्मा इन्हीं कलेक्टर प्रभारियों का होगा।

हरियाणा के साथ-साथ ऐसे क्लस्टर कुछ अन्य राज्यों में भी बनाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर देशभर में 146 क्लस्टर बनाए गए हैं।

error: Content is protected !!