मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को करेंगे

राम मंदिर निर्माण के लिए भिखारी बने दानदाता

काशी और प्रयागराज से भेजे 4 लाख रुपये

बदला गया अयोध्या स्टेशन का नाम, सीएम योगी को सुझाव के अनुसार रखा गया यह नया नाम

अशोक कुमार कौशिक 

अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए देश दुनिया से सहयोग मिल रहा है। लोग क्षमतानुसार धनराशि पवित्र काम के लिए भेज रहे हैं। इसी कड़ी में काशी और प्रयागराज के सैकड़ों भिखारियों ने भी राम के प्रति सच्ची आस्था का सबूत दिया। उन्होंने राम मंदिर निर्माण में चार लाख रुपए का चंदा दिया है। काशी और प्रयागराज के भिखारियों ने दान में मिली राशि भगवान राम को समर्पित कर दी है।

अयोध्या रेलवे स्टेशन का नाम बदल दिया गया है। अब यह अयोध्या धाम जंक्शन के नाम से जाना जाएगा।

भिखारियों ने राम मंदिर निर्माण में किया सहयोग

भिखारियों की भक्ति सुर्खियों में आ गई है। अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम सभी पंथ जाति संप्रदाय को एकता के धागे में बांधने के लिए जाने जाते हैं। अयोध्या में बन रहा भव्य राम मंदिर भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता का परिचय है। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के लोगों का राम मंदिर निर्माण में सहयोग मिला है। काशी और प्रयागराज के भिखारियों का जज्बा सराहनीय है। संत समाज प्रभु श्री राम से भिखारियों के खुशहाल जीवन की कामना करता है। 

‘काशी में खुद बाबा भोलेनाथ ने मांगी थी भिक्षा’

स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने बताया कि काशी को बाबा भोलेनाथ की नगरी भी कहा जाता है। संपूर्ण विश्व का पालन पोषण करने वाली माता अन्नपूर्णा से स्वयं बाबा भोलेनाथ ने भिक्षा मांगी थी। इसलिए बाबा भोलेनाथ को महादानी के साथ-साथ भिक्षा मांगने के भी स्वरूप में देखा जाता है। भगवान शंकर की नगरी काशी में रहने वाले हर वर्ग के लोगों ने राम मंदिर निर्माण में गहरी आस्था दिखाई है। भिखारियों की प्रदान की गई सहयोग राशि भी विश्व के लिए उदाहरण है। उन्होंने कहा कि धनवान लोग सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने में हिचकते हैं. ऐसे में भिखारियों की पहल सराहना के पात्र है। 

राम मंदिर के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को आवंटित की गई 70 एकड़ जमीन का ले आउट सामने आया है। प्रेस कांफ्रेंस के जरिए इसको सार्वजनिक किया गया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने राम मंदिर क्षेत्र के 70 एकड़ के ले आउट प्लान का बताया है।

मंदिर को भव्य रूप के साथ आधुनिक भी बनाया जा रहा है। सुरक्षा के साथ सहूलियतों का भी विशेष ध्यान रखा गया है। वहीं, कुबेर टीला पर जटायु की स्थापना की गई है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने बताया कि मंदिर के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर का काम पूरा हो चुका है। सेकंड फ्लोर पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस मंदिर के चारों और एक दीवार बनाई जा रही है, उसका काम चल रहा है।

प्रदेश की पहली सुरक्षा दीवार है परकोटा दीवार

परकोटा दीवार सुरक्षा दीवार है। इस दीवार को परकोटा दीवार कहेगे। यह परकोटा दीवार प्रदेश की पहली दीवार होगी। मंदिर के चारों दिशाओं में बने परकोटे की लंबाई 750 मीटर. दीवार की एक निश्चित मोटाई दी गई है। ये दीवार 14 फीट चौड़ी है, मतलब 4 मीटर से भी ज्यादा है। परकोटे की दीवार 2 मंजिला है. पहली मजिल में कार्यालय बनाए जा रहे हैं। इसके लिए कमरे बनाए गए हैं। परकोटे की दूसरी मंजिल परिक्रमा के लिए होगी। इसकी चारो बुझाओ पर मंदिर बनाए जाएंगे। जिसमें सूर्य मंदिर, शिव मंदिर, भगवती मंदिर और गणेश मंदिर शामिल होंगे।

पूरब से प्रवेश और दक्षिण दिशा से होगा निकास

राममंदिर के चारों ओर मजबूत दीवार बनाई जा रही है। मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए द्वार बनाए जाएंगे। तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के अनुसार राममंदिर का प्रवेश द्वार पूरब दिशा में होगा। दक्षिण दिशा में राम मंदिर का निकास द्वार है। वहीं, मंदिर में 33 सीढ़ियां चढ़ने के बाद प्रवेश होगा। मंदिर में निर्माण कार्य अब पहले से भी तेज गति से चल रहा है।

गर्भ गृह में होगी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा

तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा गर्भ गृह में होगी। 22 जनवरी 2024 को इसका आयोजन किया जाएगा। गर्भ गृह बन कर तैयार हो चुका है। उन्होंने बताया कि यहां देश की 125 पूजा परंपरा आएगी। 23 जनवरी से मंडल पूजा होगी जो 48 दिन तक चलेगी। उनके अनुसार, ये पूजा शास्त्रो में लिखी हुई है।

भक्तों को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधाएं

राम मंदिर निर्माण में रामलला के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। यहां 25 हजार भक्तों का सामान रखने के लिए लॉकर बनाए गए हैं। भक्तों के जूता-चप्पल, मोबाइल, पर्स रखने की व्यवस्था पीएफसी में होगी। मंदिर परिसर में गर्मियों के दिनों में पैर नहीं जले इसकी व्यवस्था की जा रही है। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले विकलांग और वृद्ध भक्तों के लिए रैंप और लिफ्ट बनाई जाएगी।

बनेगा अस्पताल, बचाया जाएगा बारिश का जल

मंदिर में स्वास्थ्य सेवा का भी ख्याल रखा गया है। किसी के बीमार होने पर उसे चिकित्सा सेवा प्रदान की जा सकेगी इसके लिए यहां एक छोटा चिकित्सालय बनाया जाएगा। तीर्थयात्रियों के टॉयलेट के लिए एक बड़ा कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। इसका वेस्टेज नगर निगम के सीवर में नहीं जाएगा। इसके लिए 2 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। जीरो डिस्चार्ज पॉलिसी होगी यानी कोई भी वेस्ट मैटेरियल मंदिर से बाहर नहीं जाएगा। विद्युत व्यवस्था के लिए राम मंदिर के लिए 33 KV की डेडीकेटेड लाइन होगी। फायर ब्रिगेड के लिए सरयू के बगल वाले स्थान पर वाटर रिजर्वायर बनेगा। वहीं बारिश के पानी को बचाने के लिए जल संचय भी किया जाएगा।

अयोध्या रेलवे स्टेशन का नाम बदल दिया

अयोध्या रेलवे स्टेशन का नाम बदल दिया गया है। अब यह अयोध्या धाम जंक्शन के नाम से जाना जाएगा। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिन पहले निरीक्षण के दौरान अयोध्या धाम स्टेशन नाम रखने की इच्छा जताई थी। इसके बाद ही ये फैसला लिया गया है। रेल मंत्रालय ने अयोध्या जंक्शन का नाम बदलकर अयोध्या धाम जंक्शन कर दिया है। बुधवार को इसका आदेश जारी किया है।

ध्यान रहे कि 21 दिसंबर को अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या रेलवे स्टेशन के निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने रेलवे के अधिकारियों से स्टेशन का नाम अयोध्या धाम करने की बात कही थी। लखनऊ मंडल के पीआरओ विक्रम सिंह ने इसकी पुष्टि की है।

इससे पूर्व भी सांसद लल्लू सिंह की पहल पर रेलवे ने फैजाबाद जंक्शन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट किया था। सांसद ने कहा कि अयोध्या जंक्शन को अब अयोध्या धाम जंक्शन के नाम से जाना जाएगा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत की अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए प्रधानमंत्री ने विकास की रश्मि से देश के प्रत्येक कोने को प्रकाशित किया है। 

30 को दिल्ली-अयोध्या के बीच उद्घाटन उड़ान

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को करेंगे। इसी दिन उद्घाटन उड़ान अयोध्या और दिल्ली के बीच शुरू होंगी। सूत्रों के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 11 बजे दिल्ली से चलकर 12.20 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेगी। यह दोपहर 12.50 बजे फ्लाइट दिल्ली से प्रस्थान करेंगी। यह 2.10 बजे दिल्ली पहुंचेंगी।

error: Content is protected !!