वृद्धजनों व बच्चों को करना पड़ा परेशानियों का सामना

गुडग़ांव, 13 नवम्बर (अशोक): दीपों का पर्व दीपावली धूमधाम से मनाया गया। इस पर्व को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखाई दिया। जहां बाजारों में खरीददारों का सैलाब उमड़ता दिखाई दिया और उन्होंने अपनी जरुरतों का सामान खरीदते हुए दीपावली के पर्व पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों को भी रंग-बिरंगी बिजली की लाईटों से सजाया हुआ था। सायं के समय सभी ने मां लक्ष्मी का विधिवत रुप से पूजन करते हुए सुख-समृद्धि की कामना भी की और आस-पडोस में दीपावली का प्रसाद भेजकर एक दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी। लोगों के घरों में उपहार देने वालों का भी तांता लगा रहा। कहीं किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित न हो इसको ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की थी। शहर के सभी मुख्य स्थानों पर पुलिस की पीसीआर व पुलिस अधिकारी भी गश्त लगाते दिखाई दिए।

बढ़ते प्रदूषण की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने उच्च क्षमता वाले पटाखों व अतिशबाजी की बिक्री तथा इस्तेमाल पर रोक लगाई थी और प्रदेश सरकार को दिशा-निर्देश दिए गए थे कि इन आदेशों का पालन कराया जाए। इसकी मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी पर लगाई हुई थी। जिला प्रशासन ने कई पटाखा विक्रेताओं के खिलाफ कार्यवाही भी की। इन सबके बावजूद भी प्रशासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए दीपावली पर पटाखे व आतिशबाजी देर रात्रि तक चलती रही, जिससे प्रदूषण बढ़ गया और वृद्धजनों व बच्चों को बड़ी समस्याओं का भी सामना करना पड़ा।

शहर के प्रबुद्ध लोगों का कहना है कि गुडग़ांव देश का ही नहीं, अपितु विश्व का एक ख्याति प्राप्त शहर है। शहर में अधिकांश लोग शिक्षित हैं। यदि समाज अपनी जिम्मेदारियों को समझता तो दीपावली पर पटाखे व आतिशबाजी चलाकर प्रदूषण को न बढ़ाता। कुल मिलाकर दीपावली का पर्व धूमधाम से संपन्न हो गया।

error: Content is protected !!