ब्रह्माकुमारीज संस्थान के युवा प्रभाग ने किया कार्यक्रम का आयोजन
ओम शांति रिट्रीट सेंटर में हुआ कार्यक्रम
संस्थान से जुड़े अनेक युवा कार्यक्रम में हुए शामिल

9 अक्टूबर 2023, गुरुग्राम – आज जहां युवाओं का एक वर्ग अपनी शक्ति को व्यसनों एवं विघटनकारी कार्यों में खर्च कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ युवाओं का एक वर्ग ऐसा भी है। जो अपनी त्याग तपस्या और सेवा द्वारा विश्व परिवर्तन के कार्य में समर्पित है। ऐसे ही युवाओं के संगठन का नाम है, डिवाइन यूथ फोरम। ब्रह्माकुमारीज के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में तीन दिवसीय डिवाइन यूथ फोरम कार्यक्रम का आयोजन हुआ। ब्रह्माकुमारीज संस्थान के युवा प्रभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान से जुड़े अनेक युवा सम्मिलित हुए। ओम शांति रिट्रीट सेंटर के आध्यात्मिक वातावरण में युवाओं के लिए अनेक कार्यशालाएं आयोजित की गई। जिसमें ईश्वरीय ज्ञान और योग की गहराई के साथ-साथ रचनात्मक एक्टिविटी भी कराई गई। युवाओं ने स्वयं के शुद्धिकरण की प्रतिज्ञाएं कर, विश्व परिवर्तन करने का दृढ़ संकल्प लिया।

  • ईश्वरीय सम्बन्ध का असली आधार सच्चा स्नेह

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज के युवा प्रभाग की वाइस चेयरपर्सन बीके चंद्रिका दीदी ने युवाओं को प्रेरित किया। सम्बन्धों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि परमात्मा से गहरे संबंध का आधार स्नेह है। प्यार में व्यक्ति सब कुछ समर्पित कर देता है। ईश्वरीय स्नेह ही सर्व दुखों से मुक्त करता है। उन्होंने कहा की ईश्वरीय स्नेह प्राप्त करने के लिए आत्मिक स्वरूप की अनुभूति बहुत जरूरी है।युवाओं को शरीर की शक्ति के साथ-साथ आत्मिक रूप से शक्तिशाली होना जरूरी है।

  • ईश्वरीय सेवाओं में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है

ओम शांति रिट्रीट सेंटर की निदेशिका आशा दीदी ने अपने प्रेरणादाई संबोधन में कहा कि युवा परमात्म सेवा का साधन हैं। उन्होंने कहा कि हमारी दादियों ने युवाकाल में ही यज्ञ स्थापना के कार्य में स्वयं को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज लाखों युवाओं ने अपने जीवन को बदला है। जिन्होंने हर प्रकार की बुराई से स्वयं को मुक्त किया है। ये परमात्मा की शक्ति का ही कमाल है। ईश्वरीय शक्ति के कारण ही आज इस कलियुगी दुनिया में रहते हुए भी ये युवा सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि संगठन हमें ताकत देता है। यूथ फोरम युवाओं की योग्यताओं को निखारने का सहज माध्यम है।

संस्था के दिल्ली, करोल बाग की निदेशिका बीके पुष्पा दीदी ने कार्यक्रम के प्रति शुभ भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवाओं को एक नई प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय ज्ञान और योग के वातावरण में युवा और शक्तिशाली बनकर निखरेंगे।

युवा प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका कृति बहन ने कार्यक्रम के बारे में कहा कि दिव्य यूथ फोरम युवाओं की प्रतिभा को मंच देने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि डीवाईएफ का ये 8 वां कार्यक्रम है। कार्यक्रम में माउंट आबू से पधारे बीके आत्म प्रकाश ने भी युवाओं को आंतरिक सशक्तिकरण के लिए प्रेरित किया।

संस्था के दिल्ली जोन के युवा प्रभाग की संयोजिका बीके अनुसूया ने कहा कि युवा जब आध्यात्मिक गुणों से जागृत हो जाता है तो असंभव कार्य को भी संभव कर सकता है।

कार्यक्रम में युवा प्रभाग के दिल्ली जोन, संयोजक बीके रोहित ने सबका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ओम शांति रिट्रीट सेंटर के युवा प्रभाग की संयोजिका बीके फाल्गुनी ने किया। तीन दिन तक चले कार्यक्रम में आध्यात्मिकता के गहन बिंदुओं के साथ-साथ ईश्वरीय सेवाओं के नवीन प्रारूप पर चर्चा की गई।

error: Content is protected !!