राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान में गाली गलौज का सामान भरा हुआ है: बिप्लब देब
2014 में शुरू हुई भाजपा की विजय यात्रा को जारी रखने का संकल्प लें पन्ना प्रमुख: ओम प्रकाश धनखड़

चंडीगढ़, 24 सितम्बर। करनाल की घरौंडा विधानसभा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने पन्ना प्रमुखों को पार्टी की रीढ़ बताते हुए 2024 में बड़ी जीत का दावा किया। दोनों नेताओं ने कांग्रेस के नेताओं द्वारा दिए जा रहे विवादित और उल-जलूल बयानों पर कांग्रेस को घेरा। प्रदेश प्रभारी ने जहां कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताया, वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की नीयत और नीति में खोट बताया। इससे पहले प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठकर सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात भी सुनी।

प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उदयभान के बयान से कांग्रेस की असलियत जनता के सामने आई है और जनता 2024 के चुनाव में कांग्रेस को पूरी तरह नकारकर इसका जवाब देगी।

बिप्लब देब ने कहा कि पन्ना प्रमुख पार्टी की विजय के सूत्रधार हैं और भाजपा की शक्ति उसका बूथ का कार्यकर्ता है। आगामी चुनाव में विजयश्री दिलाने में हमारे पन्ना प्रमुखों की विशेष भूमिका रहने वाली है। उन्होंने पन्ना प्रमुखों का आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव 2024 के लिए अभी से कमर कस लें और मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं। प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम पर श्री देब ने बताया कि मन की बात एक सामाजिक चेतना का माध्यम है जो मोदी जी ने जन-जन तक पहुंचाया है।

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बोलते हुए हर कार्यकर्ता को पार्टी का आधार स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही 2014 से भारतीय जनता पार्टी की विजय यात्रा शुरू हुई। कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा ऐसी पार्टी बन गई है जो बूथ स्तर पर मजबूत है। उन्होंने सभी पन्ना प्रमुखों से 2024 में केंद्र और हरियाणा में भाजपा सरकार को पुनः स्थापित करने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 सालों में अपने वादे पूरे किए हैं। कश्मीर से धारा-370 को हटाया, अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से निजात दिलाई। 27 सालों से लटके महिला आरक्षण बिल को पास कराकर माताओं-बहनों को उनका हक दिलाने का ऐतिहासिक काम मोदी जी ने करके इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 9 साल के शासनकाल में अपने संकल्प को सिद्धी तक पहुंचाया है। यही कारण है कि आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की नीतियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी जी देश को तरक्की की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं।  

सोनीपत जिला की खरखौदा विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि आज विश्व में भारत का डंका केवल भाजपा व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से बज रहा है, पूरे विश्व में भारत का नाम उंचा है तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व व नीतियों की वजह से है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन के उपलक्ष्य में भाजपा सेवा पखवाड़ा चला रही है। इस पखवाड़े के तहत सभी पन्ना प्रमुख सेवा कार्यों के साथ-साथ भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि सभी पन्ना प्रमुख घर-घर जाकर कांग्रेस और उनके नेताओं के कृत्यों को भी उजागर करें और जनता को बताए कि कांग्रेस की नीतियों कभी भी जनहितैषी नहीं रही। ये परिवारवादी लोग हैं और इनकी सोच में परिवार का हित बसता है जनता का हित नहीं।

करनाल जिला की घरौंडा विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन में सांसद संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, विधायक हरविन्द्र कल्याण, विधायक मोहन लाल बडोली, ज़िला प्रभारी दीपक शर्मा, जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा आदि मौजूद रहे। वहीं सोनीपत जिला की खरखौदा विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन में मुख्य रूप से सांसद रमेश कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष कविता जैन, गन्नौर विधायक निर्मल चौधरी, सोनीपत प्रभारी जवाहर सैनी, जिला अध्यक्ष तीर्थ राणा, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख ओम प्रकाश अतरे आदि उपस्थित रहे।

भाजपा सरकारों की सफलता को देखकर तिलमिलाई है कांग्रेस: धनखड़

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस की नीति और नीयत दोनों में खोट रहा है। इनके नेता हार होने पर मतदाताओं को राक्षस बताने लगते हैं। खुले मंच से बहन-बेटियों की गालियां दे रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस नेताओं को अपनी हार निश्चित दिख रही है, इसलिए इनके नेता अभद्रभाषा पर उतर आए हैं। धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में महिला आरक्षण के साकार होने, जी-20 और चंद्रयान-3 की अपार सफलता से कांग्रेसियों में बौखलाहट है।

error: Content is protected !!