2024 चुनाव में भाजपा की जीत के शिल्पकार बनेंगे पन्ना प्रमुख: धनखड़
प्रदेश अध्यक्ष ने जिला कार्यालय ’’कमलम दादरी’’ का उद्घाटन भी किया

चंडीगढ़ , 3 सितंबर।  भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि चुनाव 2024 में पन्ना प्रमुख केंद्र और हरियाणा में भाजपा की जीत के शिल्पकार बनेंगे। पन्ना प्रमुख भाजपा की चुनाव रणनीति का एक मजबूत भाग है तथा संगठन की एक बड़ी ताकत भी है। धनखड़ ने रविवार को चरखी-दादरी विधानसभा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कहा कि हरियाणा की जनता ने सभी दस सीटों पर फिर से कमल खि़लाने का मन बना लिया है।  पन्ना प्रमुख अपने अपने एरिया में लोगों से सेवा भाव की भावना के साथ सीधा जुड़ाव रखें।        

 धनखड़ ने  कांग्रेस पार्टी पर भी तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस बिखराव की राह पर है, उनके पास प्रदेश व जिला स्तर तक का कोई संगठन नहीं है।  भाजपा के पास बूथ प्रमुख से लेकर पन्ना प्रमुख तक की मजबूत समितियां हैं। पन्ना प्रमुख सम्मेलन उपरांत प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने पार्टी के कार्यालय ‘‘कमलम दादरी’’ का  उद्घाटन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए श्री धनखड़ ने जिला अध्यक्ष सतेंद्र परमार और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि यह दौर भारत का है, दुनिया के मुल्क जब किसी काम करने की सोचते हैं, तब तक भारत करके दिखा देता है। अभी हमने चंद्रयान-3 की दक्षिणी ध्रूव पर सफल लांचिंग देखी और उसके कुछ दिन पश्चात ही आदित्य एल-1 का सफल प्रक्षेपण भी देखा, यही बदलता हुआ ताकतवर भारत है। श्री धनखड़ ने कहा कि 9 और 10 सितंबर की तारीख भी इतिहास में दर्ज होने जा रही है। दिल्ली में होने वाली जी-20 की बैठक में अमेरिका, रूस, चीन, जर्मनी, फ्रांस, इटली, तुर्की, आस्ट्रेलिया, कनाड़ा, ब्राजील, मैक्सिको, जापान, साउथ अफ्रीका, यूरोपियन यूनियन व साउदी अरब जैसे देशों के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा भारत की धरती पर होने जा रहा है। इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री मोदी ही करेंगे और यह हमारे लिए गौरवशाली पल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरी दुनिया आज भारत की बढ़ती हुई सामरिक व आर्थिक ताकत का अहसास कर रही है। भारतवंशी दूसरे मूल्कों में राष्ट्रअध्यक्ष बनकर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं। एक सितंबर को भारतवंशी थर्मन शनमुगरत्नम ने सिंगापुर का राष्ट्रपति का चुनाव जीता है। ऐसे ही ब्रिटेन, गुयाना, पुर्तगाल, सुरीनाम, मॉरीशस, आयरलैंड में भारतवंशी मूल के राष्ट्राध्यक्ष हमें गौरवान्वित कर रहे हैं।

मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में देश उन्नति कर रहा है। मोदी की लीडरशिप में  मोबाइल निर्माण में हम दूसरे, कार निर्माण में तीसरे तथा दुग्ध उत्पादन में नंबर एक पर हैं। दवाईयां बनाने में भारत नंबर एक पर है। चिरायु कार्ड और आयुष्मान कार्ड के जरिए गरीब लोगों का फ्री में इलाज हो रहा है। हरियाणा में फसल खराब होने पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा सरकार दे रही है। भावांतर भरपाई योजना से फसलों के नुकसान की भरपाई सरकार कर रही है। हर घर नल से जल  पहुंच रहा है। उज्जवला योजना के तहत गरीब परिवारों को सिलेंडर दिए गए हैं। मोदी सरकार ने गैस सिलेंडर 200 रुपये की छूट देकर गरीब परिवारों को बड़ी राहत दी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने जो वादा किया उसे पूरा किया। जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाई। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि धारा-370 हटाने का विरोध करने वाली कांग्रेस पार्टी को भूलना नहीं है, बल्कि उसे चुनाव में सबक सिखाना है। इसी कांग्रेस ने भगवान राम को पहले मस्जिद में और बाद में टैंट में बिठाने का पाप किया था। उन्होंने सभी पन्ना प्रमुखों का आह्वान करते हुए कहा कि जब सरकार अच्छा काम कर रही है तो उसे एक और पारी देने का मौका फिर से मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा की मुहिम चल रही है इसमें ज्यादा से ज्यादा लोग भागीदार बनें।

इस मौके पर सांसद धर्मवीर सिंह, संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर मांढी, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुनीता डांगी, जिला प्रभारी कमल यादव, जिला अध्यक्ष सतेंद्र परमार, बबिता फोगाट, व्यापार बोर्ड प्रदेश चेयरमैन बाल किशन अग्रवाल, दादरी महिला मोर्चा अध्यक्ष अनीता लुहाच, नगर परिषद चेयरमैन बक्शी सैनी, पूर्व जिला अध्यक्ष रामकिशन शर्मा, डॉ बलवान सांगवान, डा. किरण कल कल, राजेश बंटी, वीरेंद्र फोगाट, संजीव मडिया, नितेश एरेन, जगजीत सांगवान, विनोद, मुंशी राम साहू, राजेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष ने किया पार्टी कार्यालय ‘‘कमलम दादरी” का उद्घाटन

चरखी दादरी विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने पार्टी कार्यालय कमलम दादरी का उद्घाटन किया। श्री धनखड़ भाजपा कार्यालय को कार्यकर्ताओं के लिए संस्कारों के प्रचार-प्रसार का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि यहां संस्कार मिलते हैं और कार्यकर्ता को देश के प्रति काम करने की प्रेरणा मिलती है। आज हमारे पास अपने कार्यालय है यह हमारे लिए गर्व की बात है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमने छोटे कार्यालयों में बैठकर भारत को परमाणु शक्ति संपन्न बनाने और जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने, अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनाने जैसे बड़े सपने देखे हैं जो अब पूरे हो रहे हैं। भारत परमाणु शक्ति संपन्न देश बना। पीएम मोदी के नेतृत्व में धारा-370 हटी और अब अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की बदौलत आज विश्व में भारतीय जनता पार्टी एक बहुत बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।

प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए संस्कार का मन्दिर तो है ही, उसके साथ एक सेवा का स्थान भी है। हमारा यह कार्यालय लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहेगा।  इस कार्यालय से भाजपा कार्यकर्ता विवेकपूर्ण तरीके से निर्णय लेकर समाजहित में कार्य करेंगे और सरकार की चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाएंगे। 

error: Content is protected !!