जीएल शर्मा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शहर की समस्याओं पर की थी चर्चा

गुरुग्राम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से शहर की समस्याओं पर तत्वरित कार्यवाही के आदेश मिलते ही अधिकारी हरकत में आ गए हैं। शहर की साफ-सफाई से लेकर पार्कों के रखरखाव और पानी निकासी के पुख्ता प्रबंधों पर रणनीति बनाकर उस पर अमल शुरू कर दिया गया है। तीन दिन पहले चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सरकारी आवास संत कबीर कुटीर में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने उनसे मुलाकात कर शहर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की थी। जीएल शर्मा ने मुख्यमंत्री को कुछ अहम सुझाव भी दिए, जिन पर सहमति जताते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने निगम और जीएमडीए के अधिकारियों को जलभराव और दूसरी समस्याओं के स्थाई समाधान के आदेश दिए। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद ही नगर निगम की इंजीनियरिंग विंग हरकत में आ गई है।

जीएल शर्मा के अनुसार उन्होंने बरसात से टुटी सड़कों की मरम्मत, फुटपाथ निर्माण, सीवर के खुले मेनहोल पर ढक्कन लगवाने तथा सीवर लाइन की पर्याप्त सफाई कराने के लिए नगर निगम के अधिकारियों का आदेश देने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया था। जिस पर उन्होंने तत्काल एक्शन लेते हुए निगम और जीएमडीए के अधिकारियों को उक्त समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर निगम और जीएमडीए के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। इसी का परिणाम है कि निगम के संयुक्त आयुक्त डा. नरेश कुमार ने जोन-3 क्षेत्र की इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों के साथ बैठक करके उन्हें विभिन्न कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाने के निर्देश दिए हैं।

डॉ नरेश ने बरसात के कारण विभिन्न स्थानों पर टूटी सडकों की मरम्मत जल्द से जल्द करवाने के निर्देश इंजीनियरिंग विंग को दे दिए हैं। इसके अलावा, नए फुटपाथ बनाने तथा टूटे फुटपाथों की मरम्मत का कार्य करवाने की दिशा में भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जोन तीन क्षेत्र में जितने भी सीवर के ढ़क्कन टूटे हुए हैं, उन्हें बदल कर बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने का आह्वान किया गया है। उन्होंने सीवर लाईन की पर्याप्त सफाई सुनिश्चित करवाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

सुपर सकर मशीनों से होगी मुख्य नालों की सफाई
जीएल शर्मा के अनुसार जलभराव से निपटने के लिए मुख्य नालों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए थे। उन्होंने शहर को आठ सुपर सकर मशीनों का तोहफा भी दिया। जिनके जरिए शहर के मुख्य नालों की विशेष सफाई कराई जा सकेगी। निश्चित ही इससे जलभराव की समस्या से किसी हद तक छुटकारा मिलेगा। इसके साथ ही पार्कों की सफाई व मरम्मत का कार्य भी लगातार करवाने की तैयारी नगर निगम ने कर ली है। सडक़ों व गलियों में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री का जताया आभार
जीएल शर्मा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तत्काल एक्शन लेकर यह साबित कर दिया कि उनके लिए पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता का सुझाव अहम है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद निश्चित ही इन समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है, यह उन्होंने कई मौकों पर देखा है। शहर की छोटी से छोटी समस्या जब भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाई जाती है तो वह अधिकारियों से न केवल जवाब तलब करते हैं, बल्कि समस्या के तत्काल हल का भी निर्देश देते हैं। इससे साफ है कि मुख्यमंत्री अपनी कथनी और करनी से हरियाणा एक, हरियाणवीं एक की सार्थकता को सिद्ध कर रहे हैं।