राव समर्थक यह भी बता दे कि राव इन्द्रजीत सिंह को भी क्या भाजपा राज में उचित सम्मान व महत्व मिला है? विद्रोही
राव के नाम पर विगत दस सालों में दो लोकसभा व दो विधानसभा चुनावों में भाजपा को एकतरफा समर्थन देने से दक्षिणी हरियाणा-अहीरवाल को बदले में क्या मिला? विद्रोही

26 जून 2023 – अहीरवाल के नेता भाजपा सांसद राव इन्द्रजीत सिंह की पटौदी रैली की सफलता पर इतराने वाले राव सर्मथकों, भक्तों, भाजपाई-संघीयों से स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही ने सवाल किया कि राव के नाम पर विगत दस सालों में दो लोकसभा व दो विधानसभा चुनावों में भाजपा को एकतरफा समर्थन देने से दक्षिणी हरियाणा-अहीरवाल को बदले में क्या मिला? विद्रोही ने पूछा कि क्या अहीरवाल की जनता द्वारा भाजपा को दिये जनसमर्थन के अनुरूप इस क्षेत्र का विकास हुआ? भाजपा राज में क्या इस क्षेत्र के जनसरोकारों के साथ न्याय हुआ? वहीं राव समर्थक यह भी बता दे कि राव इन्द्रजीत सिंह को भी क्या भाजपा राज में उचित सम्मान व महत्व मिला है? राव का अहीरवाल में बडा जनाधार है और उनके जनाधार के बल पर ही भाजपा अहीरवाल में टिक व जम पाई है, इस पर क्या कभी कांग्रेस या अन्य राजनीतिक दल को शक था? वास्तविकता यह है कि राव साहब ने भाजपा में जाकर एक तरह अहीरवाल, पिछडे, दलित, किसान, मजदूर वर्ग को पूंजीपति समर्थक मनुवादी सोच के संघीयों का गुलाम बनाने का पाप किया है जिसका खामियाजा इस क्षेत्र की भावी पीढियों को भुगतना होगा। 

विद्रोही ने कहा कि पटौदी रैली में भी राव साहब ने कांग्रेस राज पर अहीरवाल से भेदभाव करने का आरोप लगाकर राजनीति की रोटिया तो सेकी पर यह नही बताया कि भाजपा राज में विगत 9 सालों से अहीरवाल के साथ विकास कार्यो में भेदभाव क्यों हो रहा है? रेवाडी, गुरूग्राम, नूंह, महेन्द्रगढ़ जिले में 9 वर्ष पूर्व कांग्रेस राज में जो विकास प्रोजेक्ट बनने शुरू हुए थे, वे बजट अभाव में विगत 9 सालों से भी पूरे क्यों नही हो रहे, इसका जवाब राव इन्द्रजीत सिंह क्यों नही देते?

वहीं कांग्रेस राज के दस वर्ष व अब भाजपा राज के दस वर्षो में राव साहब ही दोनो को मिलाकर 20 साल से लगातार सांसद है और यदि उनको लगता है कि भाजपा राज में विकास कार्यो में अहीरवाल के साथ भेदभाव नही हुआ है तो वे कांग्रेस राज के दस सालों व भाजपा राज के दस सालों में अहीरवाल के विकास कार्यो पर एक तुलनात्मक अध्ययन का श्वेत पत्र अपनी ओर जारी करने की हिम्मत दिखाये ताकि जनता तय कर सके अहीरवाल का विकास कांग्रेस राज में ज्यादा हुआ या भाजपा राज में। 

वहीं विद्रोही ने कहा कि राव साहब आज हरियाणा भाजपा में व्यक्तिगत जनाधार के सबसे बड़े नेता है, पर क्या उनको उस अनुपात में भाजपा राज में महत्व मिला? जो नेता भाजपा को सौ वोट नही दिलवा सकते, वे तो केन्द्र में केबिनेट स्तर के मंत्री है और बड़े जनाधार वाले राव साहब 5 बार लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने पर भी एक महत्वहीन विभाग के राज्यमंत्री है जो मुंह बोलता प्रमाण है कि भाजपा में राव का कितना सम्मान है? वहीं हरियाणा में भाजपा सरकार में अहीरवाल क्षेत्र से डेढ़ मंत्रीयों की क्या स्थिति है, यह बताने की जरूरत नही। भाजपा में राव इन्द्रजीत सिंह की केन्द्रीय मंत्री व हरियाणा भाजपा सरकार में अहीरवाल से सम्बन्धित दो मंत्रीयों की राजनीतिक स्थिति सजावटी कठपुतलियों के अलावा कुछ नही है।

विद्रोही ने सवाल किया कि जो भाजपा अहीरवाल को मिले जनसमर्थन अनुसार यहां के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सरकार में उचित व प्रभावी महत्व तक नही दे रही, ऐसी अहीरवाल विरोधी भाजपा इस क्षेत्र का विकास व जनसरोकारों को महत्व देगी, ऐसा सोचना भी बेमानी है। वहीं इस क्षेत्र का भाजपा राज में विकास हुआ है, यह झूठा दावा करना जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ व अहीरवाल के साथ विश्वासघात व ठगी के अलावा कुछ नही है। 

error: Content is protected !!