भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है स्व. कटारिया का अचानक चला जाना: जेपी नड्डा
पार्टी को खड़ा करने में स्व. रतन लाल कटारिया का रहा है बड़ा योगदान: नड्डा

चंडीगढ़, 15 जून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रतनलाल कटारिया के परिवार को सांत्वना देने मनसा देवी कांप्लेक्स, सेक्टर-4 स्थित उनके आवास पर पहुंचे। श्री नड्डा ने स्व. कटारिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजली देते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जनसेवा, मित्रवत् स्वभाव श्री कटारिया की पूंजी थी, वे पहले राष्ट्र फिर समाज और उसके बाद पार्टी के बारे में सोचते थे, लेकिन अपने लिए उन्होंने कभी नहीं सोचा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्व. कटारिया की धर्मपत्नी बंतो कटारिया और उनके पुत्र एचसीएस अधिकारी चंद्रकांत कटारिया से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि श्री कटारिया का यूं अचानक जाना हम सबके लिए एक कभी ना पूरी होने वाली क्षती है। आपके इस दुःख की घडी में ईश्वर आपको आत्मबल और संयम दें तथा दिवंगत आत्मा को शांति और मोक्ष प्रदान करें। इस दुःख की घड़ी में हम सब आपके साथ हैं।

श्री नड्डा ने कहा कि पार्टी को खड़ा करने में स्व. कटारिया का बड़ा योगदान रहा है। समाज के हित और हरियाणा के लोगों की उन्नति के लिए उन्होंने हमेशा आवाज़ उठाई है। उनका चले जाना देश, प्रदेश, व बीजेपी एवं मेरी निजी क्षति है। श्री नड्डा ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता और पार्टी का हरेक नेता और कार्यकर्ता उनकी समाज सेवा और पार्टी के प्रति समर्पण की भावना से सदा प्रेरित होता रहेगा। उल्लेखनीय है कि पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया को लंबी बीमारी के चलते पीजीआई रोहतक में एडमिट कराया गया था जहां उनका 18 मई 2023 को निधन हो गया था।

इस मौके पर उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राज्य सभा सांसद डा. अनिल जैन, हरियाणा सरकार में मंत्री मूलचंद शर्मा, हरियाणा कर्मचारी आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह, मीडिया और सोशल मीडिया प्रदेश प्रमुख डा० संजय शर्मा,जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, मेयर पंचकूला कुलभूषण गोयल, कालका नगरपरिषद के चेयरमैन कृष्ण लाल लांबा, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, श्याम लाल बंसल, पार्षद संजीव कौशल, महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव बबली शर्मा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश जैन, परमजीत कौर, विरेंद्र राणा और वीरेंद्र गर्ग आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!