महिला खिलाड़ियों पर बर्बरतापूर्वक दमनात्मक कार्यवाही एवं किसान नेताओं की गिरफ़्तारी के विरोध में गुरुग्राम में हुआ ज़ोरदार प्रदर्शन

महिला खिलाड़ियों का अपमान किसी एक बेटी का नहीं बल्कि भारत की हर एक बेटी का अपमान है-चौधरी संतोख सिंह
महिला यौन उत्पीड़न आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का फूँका पुतला
देश के गौरव महिला खिलाड़ियों को दिल्ली की सड़कों पर बर्बरतापूर्वक घसीटना बहुत ही शर्मनाक
महिला खिलाड़ियों पर दिल्ली की सड़कों पर किए गए अत्याचार की कड़ी निंदा करते हैं।

गुरुग्राम, 01 जून,2023 – महिला खिलाड़ियों पर दिल्ली की सड़कों पर किए गए अत्याचार के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम, ट्रेड यूनियंस एवं अन्य जन संगठनों ने गुरुग्राम में ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए महिला यौन उत्पीड़न के आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को तुरंत गिरफ़्तार करने की माँग की।

इस अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि देश के गौरव महिला खिलाड़ियों को दिल्ली की सड़कों पर बर्बरतापूर्वक घसीटना बहुत ही शर्मनाक है।महिला खिलाड़ियों का अपमान किसी एक बेटी का नहीं बल्कि भारत की हर एक बेटी का अपमान है।महिला खिलाड़ियों पर बर्बरता से पूरे देश में आक्रोश है।

इस अवसर पर ट्रेड यूनियन काउंसिल के संयोजक अनिल पवार ने कहा कि धरना प्रदर्शन करने का प्रत्येक व्यक्ति को अधिकार है लेकिन 28 मई को सभी किसान नेताओं,खाप नेताओं तथा महिलाओं को गिरफ़्तार कर लिया गया और उन पर झूठे मुकदमें बनाये गए।उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही से और झूठे मुकदमें दर्ज करके आंदोलन को तोड़ना चाहती है।

इस अवसर पर हरियाणा जनवादी महिला समिति के महासचिव उषा सरोहा ने कहा कि शिकायतकर्ता महिला खिलाड़ियों के साथ मारपीट की गई तथा न्याय माँगने पर उन पर मुक़दमे दर्ज किए गए दूसरी तरफ़ महिला यौन शोषण के आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही।ब्रज भूषण पर अन्य संगीन धाराओं में मुक़दमे दर्ज हैं,उसको तुरंत गिरफ़्तार किया जाए।

28 मई को महिला खिलाड़ियों के समर्थन में दिल्ली जा रहे किसान नेताओं,खाप नेताओं एवं महिला नेताओं को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया था।गुरुग्राम में भी किसान नेता चौधरी संतोख सिंह के घर के बाहर रात को ही पुलिस लगा दी गई थी और जब चौधरी संतोख सिंह अपने सैकड़ों साथियों के साथ हुड्डा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पहुँचे तो वहाँ पर पहले से ही मौजूद सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मियों ने सभी को गिरफ़्तार कर लिया था।

आज संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम, ट्रेड यूनियंस तथा अन्य सामाजिक संगठनों के व्यक्ति कमला नेहरू पार्क गुरुग्राम में इकट्ठा हुए और वहाँ से पैदल ही विरोध प्रदर्शन करते हुए अग्रवाल धर्मशाला, मोर चौक से होते हुए पुराने जेल कॉम्प्लेक्स के पार्किंग ग्राउंड में पहुँचे और वहाँ पर महिला यौन उत्पीड़न के आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह का पुतला फूँका।पुतला दहन करने से पहले महिलाओं ने बृज भूषण सिंह के पुतले को जूतों से पीटा।

पहलवानों ने ओलंपिक्स तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का मान सम्मान बढ़ाया है।पहलवान बेटियां देश का गौरव है।यह मामला देश का मान सम्मान बढ़ाने वाली बेटियों की इज्जत से जुड़ा हुआ है।बेटियों का शोषण बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।न्याय की इस लड़ाई में पूरा देश बेटियों के साथ हैं।

सभी ने एक स्वर में सरकार से माँग की कि आरोपी बृज भूषण सिंह को तुरंत गिरफ़्तार किया जाए तथा महिला खिलाड़ियों पर बनाए गए झूठे केस तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए अन्यथा एक बड़ा जन आंदोलन होगा।

इस अवसर पर राजेंद्र सिंह सरोहा,सतीश मराठा,फूल कुमार कोच,पहलवान समुन्दर सिंह धनखड़, रामपाल सिंह धनखड़,डॉक्टर धर्मवीर राठी, रिटायर्ड विंग कमांडर एमएस मलिक,जयप्रकाश रेड्ढू,विनोद दहिया,दलबीर सिंह मलिक,तारीफ़ सिंह गुलिया, डॉक्टर सज्जन सिंह,जयसिंह पूनिया, योगेश्वर दहिया,अरविंद सिंह,जगमाल सिंह मलिक,आर एस मान,
बलबीर सिंह,बलवान सिंह,स्वर्ण कुमार गुप्ता,कुलदीप सिंह,वीरेंद्र कुमार चोपड़ा,प्रकाश महलावत,ईश्वर सिंह,सुनील गुलिया,भारती देवी,गिरिजा कुमारी,राजकुमारी, भावना, प्रियंका, विद्या देवी, सुशीला,आकाशदीप तथा काफ़ी संख्या में अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!