मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में होने वाली रैलियों के संबंध में धनखड़ ने दी जानकारी
*- लोकसभा क्षेत्रों में पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बाल्यान, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत और प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब का रहेगा प्रवास

चंडीगढ़, 31 मई। मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर हरियाणा में लोकसभा स्तर पर होने वाली सभी रैलियों की योजनाएं बना ली गई है और उनके लिए टीमें भी गठित कर दी गई है। हरियाणा में आठ रैलियां लोकसभा क्षेत्र स्तर की होंगी जबकि दो लोकसभा क्षेत्रों में प्रदेश स्तर की दो रैलियां होंगी। इनको लेकर केंद्रीय नेताओं की ड्यूटी भी लगाई है और प्रदेश स्तर पर इनके संयोजक नियुक्त किए गए हैं। प्रदेश भर में 10 लोकसभाओं के तीन कलस्टर बनाए गए हैं और इसी हिसाब से जनसंपर्क अभियान के तहत होने वाली रैलियों के लिए नेताओं की ड्यूटी लगाई गई हैं। ये रैलियां जनसंपर्क अभियान के दौरान जून माह में ही होना तय हुई है।

बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने रैलियों से संबंधित जानकारियां देते हुए बताया कि दस की दस लोकसभा क्षेत्रों में होने वाली रैलियों में केंद्रीय नेताओं का प्रवास रहेगा। धनखड़ ने बताया कि हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का प्रवास, अंबाला, करनाल कुरूक्षेत्र लोकसभा में रहेगा। डा. संजीव बाल्यान सोनीपत और रोहतक लोकसभा रैली में रहेंगे और डा. संजीव बाल्यान सिरसा लोकसभा रैली में मौजूद रहेंगे। हरियाणा के प्रभारी बिप्लब देब गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़-भिवानी और हिसार लोकसभा क्षेत्र की रैलियों में शामिल होंगे। श्री धनखड़ ने बताया कि प्रदेश के महामंत्रियों की ड्यूटी भी इन लोकसभा में केंद्रीय नेताओं के साथ लगाई है। जिसमें जयराम ठाकुर के साथ प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, बिप्लब देब के साथ प्रदेश महामंत्री मोहन लाल कौशिक और संजीव बाल्यान तथा गजेंद्र शेखावत के साथ प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी को जोड़ा गया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हर लोकसभा की टीम भी बनाई गई है जिसमें उस क्षेत्र के सांसद के अलावा भी पार्टी पदाधिकारियों को रखा गया है। फरीदाबाद लोकसभा में कृष्णपाल गुर्जर के साथ सोहन पाल छोकर, दिनेश किलोड़ की ड्यूटी लगाई गई है। गुरुग्राम में राव इंद्रजीत सिंह के साथ पूर्व मंत्री विपुल गोयल और प्रदेश मंत्री समय सिंह भाटी को जोड़ा है। भिवानी में सांसद धर्मबीर सिंह के साथ पूर्व जिला अध्यक्ष शिव कुमार मेहता और अजीत कलवाड़ी, हिसार में सांसद बृजेंद्र सिंह के साथ मेयर गौतम सरदाना, तेजेंद्र ढुल को जोड़ा है। सिरसा में सांसद सुनीता दुग्गल के साथ व्यापार बोर्ड के डिप्टी चेयरमैन ंश्रीनिवास गोयल, प्रवीन, अंबाला में सांसद रतनलाल कटारिया के निधन के कारण रैली से संबंधी इस लोकसभा की जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा को सौंपी गई है, उनके साथ डा. संजय शर्मा, विरेंद्र गर्ग की ड्यूटी लगाई है। धनखड़ ने बताया कि कुरूक्षेत्र में सांसद नायब सिंह के साथ कुरूक्षेत्र के प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, धूमन सिंह किरमिच की ड्यूटी लगाई है। करनाल में सांसद संजय भाटिया के साथ भगवानदास कबीरपंथी और गजेंद्र सलूजा की ड्यूटी लगाई गई है। सोनीपत में सांसद रमेश कौशिक के साथ विधायक महिपाल ढांडा और जवाहर सैनी को तथा रोहतक में सांसद अरविंद शर्मा के साथ राजीव जैन और आनंद सागर की ड्यूटी लगाई गई है।

प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने बताया कि मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हर लोकसभा क्षेत्र में 13 तरह के कार्यक्रम हर लोकसभा में होने वाले हैं। ये कार्यक्रम 1 जून से शुरू होकर 30 जून चलेंगे। हर बूथ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे और मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। हर लोक सभा सीट पर प्रबुद्ध व्यक्तियों का सम्मेलन करना, मीडिया से संवाद, सोशल मीडिया इंफ्लुअर्स की मीटिंग करना, लाभार्थियों से संपर्क, व्यापारी सम्मेलन करना, विकास के कार्य गिनाने के लिए विकास तीर्थ कार्यक्रम तथा कार रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित करना शामिल है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि जून में तीन बड़े कार्यक्रम भी होंगे। 21 जून को योग दिवस पर योग के कार्यक्रम होंगे। 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर हर बूथ पर पीएम का उद्बोधन सुना जाएगा। 25 जून को प्रधानमंत्री की मन की बात सुनी जाएगी। इसी दिन इंदिरा गांधी ने देश में एमरजेंसी लगाई थी इसलिए इस दिन काला दिवस भी मनाया जाएगा और इस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री धनखड़ ने आजादी के महानायक सुभाष चंद्र बोस के बारे में बताते हुए कहा कि उनकी पुण्य तिथि का कहीं भी उल्लेख नहीं है। देश की आजादी के लिए उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है और उनकी मृत्यु तक का रिकार्ड नहीं है। अगर उस समय की सरकार चाहती तो इसका पता लगाया जा सकता था। ऐसे आजादी के हीरो के स्थानों पर विजिट करना भी महासंपर्क अभियान का हिस्सा है।

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि महाजनसंपर्क अभियान के निमित प्रदेश में 11 लोगों की टीम बनाई गई जिसमें संयोजक प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली को बनाया है और इस टीम में सदस्य के रूप में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कृषि मंत्री जेपी दलाल, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक असीम गोयल, प्रदेश सचिव मनीष यादव, कृष्ण बेदी, निर्मला बैरागी, शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक मदन लाल गोयल, प्रदेश मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा और प्रदेश मीडिया सह प्रमुख अरविंद सैनी को लिया गया है।

दिल्ली में चल रहे खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि खिलाड़ी देश के लिए खेलते हैं, तिरंगा लेकर चलते हैं और देश के लिए मेडल जीतते हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को वर्गों में नहीं बांटा जा सकता क्योंकि वे साझे होते हैं और सभी के होते हैं। मेडलों को गंगा में विसर्जित करने के सवाल पर श्री धनखड़ ने कहा कि उन्होंने खुद पहलवानों से अपील की थी और पहलवानों ने उनकी अपील पर गौर किया और मेडल विसर्जित करना टाल दिया। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया चल रही है, एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अदालत के माध्यम से सभी को न्याय मिलेगा। गुरुग्राम में प्रेस कांफ्रेंस के बाद प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ लगभग 150 लोगों के साथ प्रधानमंत्री संग्राहलय देखने के लिए दिल्ली रवाना हो गए।

error: Content is protected !!