कहा – मुख्यमंत्री के तौर पर मनोहर लाल ने लोकप्रियता के नए आयाम स्थापित किए
प्रदेश के विकास के लिए इस बार रिकॉर्ड एक लाख 83 हजार का बजट दिया

गुरुग्राम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरियाणा डेयरी सहकारी प्रसंघ के पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर 15 पार्ट दो में मनोहर पौधा लगाया। इससे पूर्व शर्मा ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन की खुशियां साझा की। उन्होंने लड्डू बांटकर मुख्यमंत्री की लंबी आयु और स्वास्थ्य रहने की कामना की।

प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर मनोहर लाल ने लोकप्रियता के नए आयाम स्थापित किए हैं। उनका कार्यकाल हरियाणा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित होगा। हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा गढ़ बिना भेदभाव प्रदेश के समान और चंहुमुखी विकास की अवधारणा के जन्मदाता यशस्वी मुख्यमंत्री मनोहर ने अपने आठ साल के शासन में प्रदेश के विकास की दृढ़इच्छाशक्ति से काम किया। आज विपक्षी भी मुख्यमंत्री की इच्छाशक्ति के कायल हैं। उन्होंने कहा कि उनके जन्मदिन पर रोपा गया पौधा उन्हीं शहर के लोगों को शीतल छांव देगा। जिस प्रकार प्रदेश के विकास पुरुष मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपनी कथनी और करनी को एकसार करते प्रदेश के हर वर्ग, हर तबके के उत्थान की नई नई योजनाएं लागू कर रहे हैं, घोषणाएं कर लोगों का जीवन सुखमय बना रहे हैं, यह पौधा हमेशा गुरुग्राम के लोगों के मुख्यमंत्री के परोपकार की याद दिलाएगा।

जीएल शर्मा ने कहा कि अपने जन्मदिन पर भी मुख्यमंत्री ने प्रदेश को अपना परिवार करार दिया है। अनाथ बच्चों के लिए की गई घोषणा यह साबित करती है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल केवल एक राजनेता या बेहतर शासक ही नहीं, बल्कि उनमें इंसानी जज्बा भी कूट-कूट कर भरा है। भलाई और परोपकार उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। शर्मा ने कहा कि जन्मदिन पर मुख्यमंत्री ने करीब 900 युवाओं को रोजागार का अनमोल तोहफा दिया है। उन्होंन स्वयं ट‌वीट के माध्यम से युवाओं को ऑफर लेटर भेजने का संदेश दिया है। उन्होंने ट्वीट किया कि हरियाणा मेरा परिवार है और परिवार का मुखिया होने के दायित्व को निभाना मेरा धर्म। बिना पर्ची-बिना खर्ची का सिस्टम शुरू कर हमने भ्रष्टाचार की कमर में कील ठोकने का जो कार्य शुरू किया था, उसे हम अविरल गति से आगे बढ़ा रहे हैं। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए आज ऑनलाइन माध्यम से हरियाणा कौशल रोज़गार निगम के अंतर्गत 896 युवाओं को सिर्फ एक क्लिक द्वारा नौकरी के ऑफर लेटर भेजे।

जीएल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में अनेक विकास परियोजनाएं, जनहित की परियोजनाएं शुरू करके लाभ पहुंचाया है। हरियाणा में भाजपा की मनोहर सरकार ने सामाजिक सुरक्षा और गरीब कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। बुजुर्गों की पेंशन में बढ़ोत्तरी की गई। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से सबका जीवन स्तर ऊंचा उठाने एवं समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को आगे बढ़ाने के काम किए जा रहे हैं। नौकरियों में पारदर्शिता और किसानों के लिए भावांतर भरपाई योजना से किसानों का जीवन बदला है। उन्होंने कहा कि भगवान से यही प्रार्थना है कि बरसो-बरस ऐसी संत प्रवृति के मुख्यमंत्री प्रदेश का नेतृत्व करते रहें, ताकि प्रदेश में शुरू हुई विकास की यह धारा अविरल बहती रहे।

error: Content is protected !!