प्रदेश के सभी 24 डिपो व 12 सब डिपो में चार चरणों में चुनाव होंगे
19-20 अप्रैल को नामांकन भरे जाएंगे, 21 अप्रैल को नाम वापसी व 22 अप्रैल को निशान अलाट किए जाएंगे

चंडीगढ़,16 अप्रैल – हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन सम्बन्धित सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव सरबत सिंह पूनिया ने बताया यूनियन की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के निर्णय अनुसार सभी 24 डिपो व 12 सब डिपो के अलावा HREC गुरुग्राम व ISBT दिल्ली में 17वें त्रिवार्षिक सांगठनिक चुनाव 4 चरणों में करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया संगठन में डिपो व सब डिपो से लेकर राज्य स्तरीय पदाधिकारियों के चुनाव प्रत्येक तीन वर्ष बाद करवाए जाते हैं। उन्होंने कहा लोकतांत्रिक प्रणाली से चुनाव करवाना ही संगठन की मजबूती का आधार है।

उन्होंने चुनाव अधिसूचना जारी करने के बाद बताया सभी डिपो व सब डिपुओं में 19-20 अप्रैल 2023 को दो दिन डिपुओं में चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवारों द्वारा नामांकन फार्म भरे जाएंगे। 21 अप्रैल को डिपो में नामांकन फार्मों की जांच पड़ताल होगी व उम्मीदवारों द्वारा नामांकन फार्म वापस लिए जा सकते हैं। महासचिव ने बताया 22 अप्रैल 2023 को यूनियन मुख्यालय रोहतक में नामांकन फार्मों की अन्तिम जांच पड़ताल होगी व उम्मीदवारों को चुनाव निशान अलाट किए जाएंगे। 22 अप्रैल को निशान अलाट होने से पहले उम्मीदवार अपना नामांकन फार्म वापस ले सकते हैं। सभी डिपो व सब डिपो कमेटियों ने अपने अपने डिपो में भरे हुए नामांकन फार्म 22 अप्रैल को सुबह 10 बजे यूनियन मुख्यालय रोहतक में जमा करवाने है। उन्होंने बताया डिपो में प्रधान, उपप्रधान, सचिव, सह सचिव, कैशियर व आडिटर सहित छः पदों पर व सब डिपो में प्रधान, सचिव, कैशियर सहित तीन पदों पर चुनाव होंगे।

श्री पूनिया ने बताया प्रथम चरण में 4 मई 2023 को भिवानी, पानीपत, अम्बाला,जींद, झज्जर, पलवल डिपो व लोहारू, हांसी, पेहवा सब डिपो एवं HREC गुरुग्राम में चुनाव होंगे।

उन्होंने कहा दुसरे चरण में 8 मई 2023 को रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, यमुनानगर, दिल्ली, करनाल डिपो व कालका, नरवाना, तोशाम सब डिपो में चुनाव होंगे। तीसरे चरण में 11 मई 2023 को हिसार, सिरसा, चंडीगढ़, फरीदाबाद, रेवाड़ी, दादरी डिपो व टोहाना, नारायणगढ़, बहादुरगढ़ व ISBT दिल्ली में चुनाव होंगे।चौथे चरण में 15 मई 2023 को फतेहाबाद,कैथल, पंचकूला,नूंह, नारनौल, कुरुक्षेत्र डिपो व गोहाना, सफीदों, डबवाली सब डिपो में चुनाव होंगे। प्रदेश महासचिव पूनिया ने बताया मुख्य चुनाव कार्यालय बस स्टैंड स्थित यूनियन मुख्यालय रोहतक में होगा।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान, महासचिव व कोषाध्यक्ष चुनाव कमेटी सदस्य होंगे। चुनाव से सम्बन्धित किसी भी विवाद का निपटारा चुनाव कमेटी करेगी। डिपो व सब डिपो में आवश्यकता पड़ने पर मतदान सुबह 4 बजे से लेकर सांय 7 बजे तक सर्व कर्मचारी संघ जिला व ब्लाक कमेटी की देखरेख में होगा। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार नामांकन फार्म 19 अप्रैल को सुबह 10 बजे डिपो व सब डिपो कमेटी से प्राप्त कर सकते हैं व नामांकन फार्म भरकर उन्हीं के पास जमा करवाएंगे। महासचिव ने बताया यूनियन के सदस्य ही उम्मीदवार हो सकते हैं व चुनाव में वोट डाल सकते हैं।