ग्रामीण क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा भाजपा परिवार : धनखड़

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ ने गांव डीघल में किया भाजपा कार्यालय का शुभारंभ

झज्जर :- सोनू धनखड़

भाजपा को शहरी पार्टी कहने वालों का भ्रम अब दूर हो जाना चाहिए। गांव-गांव भाजपा कार्यालय खुल रहे हैं। पन्ने तक भाजपा संगठन का विस्तार हो चुका है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ ने रविवार को क्षेत्र के बड़े गांव डीघल में जिला पार्षद अमित अहलावत द्वारा खोले गए पार्टी कार्यालय का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। पार्टी शुभारंभ के अवसर पर गांव व आस-पास के सैकड़ों युवाओं ने भाजपा में आस्था प्रकट की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सभी युवाओं को भाजपा ज्वाइन करने पर बधाई देते हुए कहा कि भाजपा देश भक्त कार्यकर्ताओं की पार्टी है। जो कार्यकर्ता मेहनत करेगा वह शीर्ष पद तक पंहुचेगा। यह केवल भाजपा में ही संभव है बाकि पार्टियों में शीर्ष पद विशेष परिवारों के लिए बने हैं।

धनखड़ ने कहा कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालते ही उन्होंने हरियाणा भाजपा के संगठन को गुजरात व मध्य प्रदेश की तर्ज पर पन्ने तक पहुंचाने की सोच के साथ कार्य शुरू किया था। पार्टी के बड़े नेताओं का मार्गदर्शन व आशीर्वाद मिलता रहा और कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत प्रदेश में आज पांच लाख सक्रिय कार्यकर्ताओं का संगठन तैयार हो चुका है। अब इसे और आगे बढ़ाया जाएगा। धनखड़ ने कहा कि भाजपा सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। भारत सरकारें सबका साथ- सबका विकास की नीति पर चलती हैं और भाजपा संगठन सेवा भाव से जनसरोकारों से जुड़े कार्यो करते हुए आगे बढ़ता है।

धनखड़ ने कहा कि बरसात से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। हरियाणा की भाजपा नीत सरकार किसानों के साथ खड़ी है। विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को जल्द से जल्द राहत मुआवजा दिया जाएगा। कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विक्रम कादियान, जिप चेयरमैन कप्तान बिरधाना, पूर्व चेयरमैन मनीष नंबरदार सहित पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!