ब्रह्माकुमारीज के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
मानवता का सच्चा संदेश देता है होली का पावन पर्व – बीके आशा

8 मार्च 2023, गुरुग्राम – होली का त्योहार वास्तव में भाईचारे का त्योहार है। होली बीती हुई बातों को भुलाकर एक नई शुरुआत का संदेश देती है। होली स्नेह मिलन का एक ऐसा अवसर है, जो जाति, धर्म से ऊपर उठकर मानवता को जोड़ता है। उक्त विचार ओम शान्ति रिट्रीट सेंटर की निदेशिका आशा दीदी ने व्यक्त किए। ब्रह्माकुमारीज के गुरुग्राम स्थित ओआरसी में होली पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि होली स्नेह और पवित्रता का संचार करती है। होली के आध्यात्मिक रहस्य को न जान स्थूल रंग लगाने को ही लोग होली मनाना समझते हैं।

वास्तव में आत्माओं का परमात्मा से स्नेह मिलन का यादगार पर्व होली है। रंग लगाना ज्ञान के रंग का प्रतीक है। होली जलाना अर्थात ज्ञान और योग की अग्नि में अपने अंदर की बुराइयों को जलाना है। उन्होंने कहा कि हम होली के वास्तविक भाव को समझ व्यवहार में लाने से ही सबको एकता के सूत्र में पिरो सकते हैं।

कार्यक्रम में गीत, संगीत, नृत्य एवं कविता के माध्यम से भी होली की शुभ कामनाएं व्यक्त की गई। संस्था से जुड़े अनेक विदेशी कलाकारों ने भी संगीत एवं नृत्य के द्वारा होली की ग्रीटिंग्स दी। ओआरसी के कलाकारों ने नाटक के द्वारा होली का मधुर संदेश दिया। इस अवसर पर सभी को होली का तिलक भी लगाया गया। कार्यक्रम में काफी संख्या में संस्था के सदस्यों सहित अन्य लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन बीके ईशु एवं बीके विधात्री ने किया।

error: Content is protected !!