क्या राम कथा को मानते हैं विधायक सुधीर सिंगला?

राम कथा से मनुष्य को कर्तव्य बोध होता है : सुधीर सिंगला

राम कथा मानवता सिखाती है : सुधीर सिंगला

भारत सारथी/ऋषि प्रकाश कौशिक

गुरुग्राम। आज गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला की प्रेस विज्ञप्ति मिली, जो आपकी सेवा में प्रस्तुत की है। उसमें उन्होंने कहा है कि राम कथा हमें कर्तव्यों का बोध कराती है और सभी कष्ट दूर करती है, हम सबको राम कथा का श्रवण करना चाहिए।

मन में ख्याल आया कि हर शुक्रवार को विधायक सुधीर सिंगला दो घंटे का दरबार लगाते हैं लेकिन उन्होंने इस शुक्रवार को दरबार नहीं लगाया, क्योंकि उन्हें स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज का आशीर्वाद लेना था। अब आप ही सोचिए उन्होंने क्या अपने कर्तव्य का निर्वहन किया? जो व्यक्ति एक सप्ताह से सोच रहे थे कि हम विधायक को अपनी परेशानियां बताकर शायद उनका हल निकाल लें, उनकी आत्मा क्या यह सुनकर खुश हुई होगी कि हमारे विधायक अवधेशानंद जी का आशीर्वाद लेने गए हैं।

अभी शनिवार को गुरुग्राम के पांच विधायक और मंत्री भी रहे चौ. धर्मबीर गाबा का निधन हो गया। सारे शहर ने उस पर दुख प्रकट किया। और तो और कल मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर उनके निवास पर श्रद्धांजलि देने गए लेकिन हमारे विधायक के मुंह से उनके लिए कोई शब्द नहीं निकला। क्या यही है मानवता?

अब देखिए, विधायक सुधीर सिंगला सिद्धेश्वर मंदिर के शायद अध्यक्ष हैं या ट्रस्टी हैं, उस सिद्धेश्वर मंदिर में श्याम बाबा का कीर्तन अमूमन होता रहता है, मंगल-शनिवार हनुमान चालीसा भी होता है। अन्य सभी देवी-देवताओं के चित्र भी लगे हुए हैं लेकिन मेरी याद में राम दरबार की स्थापना वहां नहीं है। आज उन्होंने कहा कि राम कथा का श्रवण करने से सभी दुख दूर हो जाते हैं तो इनकी राम कथा में कितनी मान्यता है, उसका अनुमान इसी बात से लग जाएगा कि सिद्धेश्वर मंदिर में नवरात्रों में 9 दिन राम कथा के नाम पर स्क्रीन पर रामानंद सागर की रामायण दिखाई जाती है।

शनिवार की बात लीजिए, भाजपा का बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन भिवानी में आयोजित हुआ, जो 10 और 11 को था, जिसमें प्रदेश के सभी भाजपा के नेता, विधायक, पूर्व विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश के अधिकारी और पूर्व अधिकारी के साथ-साथ सभी सांसदों को बुलाया गया था, जिसमें भाजपा की आगामी चुनाव की रणनीति तय हुई लेकिन हमारी जानकारी के अनुसार हमारे विधायक सुधीर सिंगला वहां भी नहीं पहुंचे। तो क्या भाजपा के विधायक होने के नाते भाजपा की निष्ठा के अनुसार प्रदेश के नेताओं के कहने पर उनका न जाना कौन-से कर्तव्य पालन का बोध कराता है?

चलो आज इतना ही, आगे बताएंगे कि भगवान राम ने तो धोबी द्वारा सीता पर आरोप लगाने पर सीता का त्याग कर दिया था लेकिन हमारे विधायक सुधीर सिंगला यदि इनके सामने कोई आरोप लगाने की बात करे तो ये गुस्से से भर जाते हैं और उनका कहना होता है कि मैं तुमसे बात नहीं करूंगा, या माफी मांगो।

Previous post

बढ़ते कैंसर के मरीजों को देखते हुए कैंसर के कारणों का पता लगाने के लिए अध्ययन करवाया जाएगा-अनिल विज

Next post

<strong>हरियाणा में अधीनस्थ न्यायालयों में हिन्दी भाषा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जिलावार मास्टर ट्रेनर किये जाएंगे तैयार</strong>

You May Have Missed

error: Content is protected !!