गिरफ्तारी के लिए 1 घन्टे इंतजार के बाद पुलिस बस से उतरे कांग्रेसी

चरखी दादरी जयवीर फौगाट,

05 अगस्त, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर बढ़ती मंहगाई को लेकर सरकार के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने लघु सचिवालय परिसर में  जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिसके उपरांत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता गिरफ्तारी के लिए नारे लगाते हुए पुलिस बस में जा चढ़े लेकिन प्रशासनिक ढील के चलते उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई और एक घन्टे इंतजार करने के बाद वे बस से उतरे।

इससे पहले आज सुबह 9.30 बजे से ही कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता लघु सचिवालय के बाहर एकत्रित होना शुरू हो गए थे और 10 बजे बढ़ती मंहगाई को लेकर धरनारत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथ में पट्टिकाएं लेकर सरकार को घेरते हुए संबोधन आरंभ किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। जब यूपीए ने 2014 में सत्ता छोड़ी उस वक्त गैस के सिलेंडर की कीमत 410 रुपए थी जो आज 1060 रुपए से पार है। उन्होंने कहा कि यही हाल तेल और खाद्य सामग्री का है। बढ़ी कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की जेब खाली कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब भी गैस या तेल के दाम 5 रुपए भी बढ़ जाते थे तो भाजपा के नेता अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते थे लेकिन आज सत्ता के लोभ में चुप्पी साधे हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाने पीने की चीजों पर जीएसटी थोपने की भी कड़ी निंदा की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग अपने राजनैतिक विरोधियों को प्रताड़ित करने में कर रही है। आम जन की बात प्रमुखता से उठाने पर कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा जा रहा है जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि सरकार लाख कोशिश कर ले पर कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला करेंगे।

आज के कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान ने कहा कि जिले की प्रभारी और पूर्व मंत्री गीता भुक्कल 06 अगस्त शनिवार को सुबह 11 बजे स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगी और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार विमर्श करेंगी। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बैठक में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में मंच संचालन धर्मेन्द्र छपार ने किया।

इस मौके पर अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त समन्वयक राजू मान, युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल धनखड़, प्रदेश प्रवक्ता मनीषा सांगवान, एससी सेल के जिलाध्यक्ष सुशील धानक, नीतिन जांघू, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बलजीत फौगाट, प्रीतम चेयरमैन, अमन डालावास, डॉक्टर ओमप्रकाश, देवेंद्र लीला समसपुर, सुनील सांगवान एडवोकेट, जयसिंह कटारिया ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर खजान सिंह सांगवान, राजेश पिचोपा, अमन असावरी, सतबीर सिंह, विजेंद्र चौहान, विनय सीटू, जितेंद्र खातिवास, विकास मोठसरा, सूरज फौगाट, वरुण जांगड़ा समेत अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

error: Content is protected !!