आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक फहराया जाएगा हर घर तिरंगा

गुरूग्राम, 27 जुलाई। देशवासियों में देशभक्ति की भावना पैदा करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम गुरूग्राम के संयुक्त आयुक्त-3 सतीश यादव ने जोन-3 क्षेत्र के निगम पार्षदों के साथ बैठक की तथा उनसे अभियान को अपने-अपने वार्ड में सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि निगम पार्षद अपने-अपने वार्ड के नागरिकों के साथ मिलकर उन्हें हर घर तिरंगा अभियान के बारे में प्रेरित करें। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा निगम क्षेत्र के नागरिकों को 3 लाख तिरंगे झंडे मुहैया करवाए जाएंगे। प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने के लिए सफाई कर्मचारियों व एमपीएचडब्ल्यू स्टाफ की ड्यूटियां लगाई जा रही हैं।
बैठक में निगम पार्षद रमारानी राठी, कुलदीप बोहरा, महेश दायमा, भाजपा नेता अनिल यादव व वार्ड-32 से पार्षद प्रतिनिधि अनिल यादव सहित जोनल टैक्सेशन ऑफिसर मुकेश सिंगला, सफाई निरीक्षक हरीश मेहता उपस्थित थे।