खेल परिसर 11 एकड़ में होगा विकसित , लागत आएगी 212 करोड़ रूपये

गुरूग्राम , 1 अप्रैल। गुरूग्राम जिला के वजीराबाद गांव में भव्य खेल परिसर बनाया जाएगा, जिसका नाम पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राव बिरेन्द्र सिंह के नाम पर रखा जाएगा। यह घोषणा आज हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने गुरूग्राम में हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन को ट्रेफिक जाम से मुक्त करने के लिए पूरी की गई विकास परियोजनाओं के लोकार्पण अवसर पर बोलते हुए की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वजीराबाद का यह खेल परिसर लगभग 11 एकड़ भूमि पर बनेगा और इस पर लगभग 212 करोड़ रूपये की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की रूपरेखा तैयार की जा रही है और जल्द ही इसकी आधारशिला रखकर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भव्य खेल परिसर में मल्टीपर्पज हॉल , इंडोर गेम्स के लिए भी व्यवस्था होगी। इसके अलावा, 18 खेलों की फैक्लटी यहां पर उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वजीराबाद का यह खेल परिसर खिलाड़ियों के लिए आधुनिकतम स्थान बनेगा जहां पर खेलों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल गांव वजीराबाद में चिन्हित राव बिरेन्द्र सिंह खेल परिसर स्थल को देखने भी गए। वहां पर उन्होंने नगर निगम गुरूग्राम के अधिकारियों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके पर ही खेल परिसर का नक्शा देखा और वहां उपलब्ध करवाई जाने वाली खेल सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की।

error: Content is protected !!