गुडग़ांव, 12 मार्च (अशोक): शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बिगड़ती ही जा रही है। या यूं कहा जाए कि सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है तो कोई गलत नहीं होगा। शहर की सफाई के लिए नगर निगम के विभिन्न जोन में सफाईकर्मियों की एक बड़ी फौज लगाई हुई है। लेकिन इसके बावजूद भी शहर की मुख्य सडक़ों, बाजारों व आवासीय क्षेत्रों में कूड़ा-करकट फैला हुआ ही नजर आता है। ये सफाईकर्मी विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कर कूड़ा एक जगह एकत्रित कर देते हैं और यह कूड़ा कई दिनों तक पड़ा रहता है। जिससे कूड़े से उठने वाली दुर्गंध से भी क्षेत्रवासी बुरी तरह परेशान हैं।

हालांकि गत सप्ताह डेरा सच्चा सौदा के असंख्य साधकों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में महा सफाई अभियान चलाया था और शहर भी साफ दिखाई देने लगा था। लेकिन एक सप्ताह बाद ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कूड़ा करकट फिर से दिखाई देने लगा है। सैक्टर 4 की आउटर रोड पर जगह-जगह कूड़ों के ढेर लगे हैं। यह कूड़ा कई-कई दिनों तक पड़ा रहता है। जब नगर निगम की टीम को समय मिलता है तो वे कूड़ा उठा ले जाते हैं। लेकिन इसके बाद फिर वही क्रम शुरु हो जाता है। क्षेत्रवासी भी नगर निगम व क्षेत्र के निगम पार्षद से कूड़ा पड़ा होने की शिकायत करते रहे हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि गर्मी का मौसम शुरु हो चुका है। यदि इसी प्रकार से क्षेत्र में कूड़ा पड़ा रहता है तो इससे विभिन्न बीमारियों के फैलने का डर बना रहता है और हवा चलने के साथ दुर्गंध भी परेशान करने लगेगी। नगर निगम को इस ओर विशेष ध्यान देना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर क्षेत्र में नियमित रुप से सफाई हो।

error: Content is protected !!