गुरुग्राम में राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़ ने की कार्य की समीक्षा

गुरुग्राम – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने गुरुवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय में हरियाणा भाजपा के उन नेताओं की बैठक ली, जिनकी उत्तर प्रदेश, पंजाब व उत्तराखंड चुनाव में ड्यूटी लगाई गई थी। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़ ने प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की मौजूदगी में हरियाणा भाजपा के सभी उपस्थित पदाधिकारियों की पीठ थपथपाई।
बीएल संतोष ने यहां कहा कि जिस तरह से हरियाणा भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकताओं ने उत्तर प्रदेश में विधानसभाओं में पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ हरियाणा में चल रही विभिन्न राजनीतिक गतिविधियों में से समय निकालकर खुद भी उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करने पहुंचे और अपनी एक बेहतर टीम को बहुत ही योजनाबद्ध तरीके से उत्तर प्रदेश चुनाव में भेजा। उन्होंने हरियाणा भाजपा कार्यकर्ताओं को कर्मठ बताया। कहा कि प्रदेश का भाजपा कार्यकर्ता अपनी पार्टी के लिए दिन रात लगा हुआ है। ऐसे कार्यकर्ताओं के दम पर ही पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि इन्हीं कार्यकताओं की मेहनत के बल पर उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। बीएल संतोष ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकताओं से उनके चुनाव प्रचार के दौरान के अनुभव भी जाने।
यहां प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़ ने भी कार्यकर्ताओं के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के मार्गदर्शन में दूसरे राज्यों में भी कार्यकर्ताओं ने अपना 100 प्रतिशत दिया है। कार्यकताओं की यह लगन और निष्ठा ही पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा 300 से अधिक सीटें लेकर फिर से सरकार बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भी राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़ का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उन्होंने सारी मेहनत का श्रेय अपनी टीम के सभी कार्यकर्ताओं को दिया। धनखड़ ने कहा कि हरियाणा भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पार्टी के लिए हर समय और हर स्तर पर कार्य करने के लिए तैयार रहता है। उन्होंने यहां भी हरियाणा के अपने भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए यह स्लोगन कहा कि बाकि शेर, तो हरियाणवी सवा शेर।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र राजू, संदीप जोशी, मीडिया प्रमुख संजय शर्मा सहित अनेक नेता मौजूद रहे।