भाजपा की बदले की राजनीति के खिलाफ युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

— हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में गुरुग्राम में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे

गुरुग्राम। भाजपा द्वारा कथित तौर पर थोपे गए झूठे मुकदमों के विरोध में तथा सोनिया गांधी और राहुल गांधी की ‘सत्य की जीत’ के जश्न में हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस ने बुधवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय (गुरुकमल) के बाहर विशाल प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि हालिया घटनाक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सत्य को चाहे जितना परेशान किया जाए, उसे पराजित नहीं किया जा सकता।

कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ने बदले की राजनीति के तहत कांग्रेस नेतृत्व पर झूठे मुकदमे थोपने का प्रयास किया, लेकिन अंततः सत्य की जीत हुई। उन्होंने कहा, “यह केवल सोनिया गांधी और राहुल गांधी की जीत नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतंत्र, संविधान और सच्चाई की जीत है। भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि डराने-धमकाने से कांग्रेस का युवा पीछे हटने वाला नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। जब-जब भाजपा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश की है, तब-तब युवा कांग्रेस ने अपनी आवाज बुलंद की है। यह प्रदर्शन उसी संघर्ष की निरंतरता है।

प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं, किसानों और मजदूरों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कटारिया ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक विभाजन जैसे ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इस तरह की राजनीति कर रही है, लेकिन अब जनता सच्चाई को समझ चुकी है।

कार्यक्रम के अंत में युवा कांग्रेस ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हुए यह संकल्प लिया कि वह भाजपा की कथित दमनकारी नीतियों का लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से विरोध जारी रखेगी। साथ ही यह दावा किया गया कि आने वाले समय में प्रदेशभर में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान को और तेज किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से हरियाणा युवा कांग्रेस की सह-प्रभारी प्रियंका चंदलिया सहित अभिषेक यादव, अमृत अंबावता, मोहित तंवर, शिव प्रताप, गौतम यादव, विक्रम कटारिया, सोरा आशीष, परवीन कटारिया, मनोज, राजबीर, परमजीत, एडवोकेट सनी सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें