अटल स्मृति में भाजपा की बड़ी तैयारी, 25 से 31 तक हर विधानसभा में अटल स्मृति सम्मेलन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हर विधानसभा में होंगे अटल रास्ते, अटल चौक-चौराहें और अटल उद्यान, लगेंगी मूर्तियां

सप्ताह भर निकाली जाएंगी सुशासन यात्राएं, प्रभात फेरियां और लगेंगे रक्तदान शिविर

24 दिसंबर को सभी भाजपा कार्यालयों में होगा दीपोत्सव

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 24 दिसंबर को आएंगे हरियाणा, पंचकूला में 25 दिसंबर को अटल जी की 51 फुट ऊंची मूर्ति का अनावरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहे हैं अटल के सपने : पंडित मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 18 दिसंबर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी को अटल स्मृति वर्ष के रूप में मना रही भाजपा ने बड़े़ स्तर पर तैयारी की है। बीजेपी ने 25 से 31 दिसंबर तक होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार कर ली है और कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए नेताओं को जिम्मेदारियां भी दे दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यक्रमों का शेड्यूल जारी कर दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों के समन्वय लिए प्रदेश समन्वय टोली बनाई है। जिसकी संयोजक प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता को नियुक्त किया गया है। इस टोली में प्रदेश सचिव राहुल राणा, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, जिला प्रभारी कमल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग और पूर्व विधायक जगदीश नैय्यर, रवि बतान को शामिल किया गया है।

मोहनलाल बडौली ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाती आ रही है। इस बार सप्ताह भर के कार्यक्रम तय किए गए हैं। बडौली के मुताबिक 25 से लेकर 31 दिसंबर तक प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

अटल जी की स्मृति को अटल बनाने के लिए हर विधानसभा में कम से कम एक चौक-चौराहे व उद्यान या सड़क का नाम अटल जी के नाम पर रखा जाएगा। जहां नामकरण होगा, वहां अटल जी की प्रतिमाएं भी लगाई जाएंगी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि विधानसभाओं में होने वाले अटल स्मृति सम्मेलनों में तीन वक्ता अटल जी के व्यक्तित्व और उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे।

श्री बड़ौली ने बताया कि इस दौरान रक्तदान शिविरों का आयोजन होगा और सुशासन यात्राएं व प्रभात फेरियां भी निकाली जाएंगी। जिला स्तर एवं प्रमुख शहरों में कवि सम्मेलन, चित्रकला प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर को अटल जी की स्मृति में सभी प्रतिमाओं एवं स्मारकों की साफ-सफाई एवं रखरखाव अभियान चलेगा और शाम को अटल जी की प्रतिमा के सामने भाजपा के सभी कार्यालयों में दीपोत्सव का आयोजन होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि 24 दिसंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरियाणा पहुंचेगे। 25 दिसंबर को पंचकूला में अटल जी की 51 फुट ऊंची भव्य मूर्ति का अनावरण होगा। यहां रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा जिसमें प्रदेश भर के कार्यकर्ता रक्त दान करेंगे। सप्ताह भर चलने वाले इन कार्यक्रमों के लिए जिला स्तर पर पांच सदस्यों की टोली बनाई जाएगी। अटल स्मृति सम्मेलनों में पिछले दिनों लोकसभा में दिए गए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भाषण को बड़ी स्क्रीन पर दिखाया और सुनाया जाएगा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली का कहना है कि अटल जी ने भारत को 21वीं सदी में अग्रसर किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राष्ट्र भक्ति और जन सेवा का प्रतीक थे और राजनीति के अजातशत्रु थे। श्री बड़ौली ने कहा कि आज भी उनके द्वारा किए गए कार्य और उनका व्यक्ति हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।

श्री बड़ौली ने कहा कि अटल जी देश के एक मात्र ऐसे नेता थे, जिनकी हर दल में स्वीकार्यता थी। गांव-गांव को सड़़कों से जोड़़ने का जो सपना अटल जी ने देखा था वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। अटल जी की योजनाओं को मोदी और नायब सैनी सरकार लगातार धरातल पर लागू कर रही है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि इन कार्यक्रमों की पूरी रूपरेखा तैयार की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में लगातार पदाधिकारियों की बैठकें हो रही हैं। शुक्रवार तक जिलों की टोलियां बना ली जाएंगी। उन्होंने बताया कि पानीपत में सभी की बैठक शुक्रवार को ही बुलाई गई है जिसमें प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और इस कार्यक्रम की संयोजक प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता सभी संयोजकों और सह संयोजकों से कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करेंगे। अरविंद सैनी ने बताया कि पानीपत के भाजपा कार्यालय श्याम कमल में 11 बजे यह बैठक होगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें